ओमान तट पर भारतीय जहाज पर हमला, गुजरात के नाविक की मौत, 13 को बचाया गया
ओमान के तट पर भारतीय जहाज MSV AL JUSUFI पर हमले में गुजरात के नाविक की मौत, भारत ने तनाव कम करने की अपील की।

नई दिल्ली: ओमान के तट पर एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई है। इस घटना के बाद भारत ने पश्चिम एशिया में तनाव को तुरंत कम करने और राजनयिक समाधान निकालने के लिए चल रही बातचीत को जल्द पूरा करने की अपील की है।
विदेश मंत्रालय (MEA) द्वारा जारी बयान के अनुसार, सोमवार शाम ओमान के लिमाह के पास भारतीय ध्वज वाले जहाज MSV AL JUSUFI पर हमला किया गया। जहाज पर कुल 14 भारतीय नागरिक सवार थे, जिनमें से 13 को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक भारतीय नागरिक की चोटों के कारण मृत्यु हो गई।
केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि 2 नवंबर को जब जहाज ओमान तट के पास चल रहा था, तब उस पर एक अज्ञात हवाई वस्तु (unidentified aerial object) से हमला हुआ।
मृतक नाविक की पहचान गुजरात के गंधार नाहिम अजीज के रूप में हुई है। सोनोवाल ने उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि मंत्रालय व ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं ताकि बचे हुए 13 सदस्यों और मृतक के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाया जा सके।
विदेश मंत्रालय ने क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर हो रहे लगातार हमलों पर गहरी चिंता जताई है। मंत्रालय ने कहा कि वाणिज्यिक शिपिंग और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों के माध्यम से नेविगेशन और व्यापार की स्वतंत्रता को जल्द बहाल किया जाना चाहिए।
ओमान में भारतीय दूतावास स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहा है और बचाए गए भारतीयों की वापसी के लिए ओमानी अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है। इससे पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी जी20 विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान नागरिक शिपिंग और नाविकों पर हो रहे हमलों का मुद्दा उठाया था।