अबू धाबी के हब71 इमर्शन प्रोग्राम के लिए 6 भारतीय स्टार्टअप्स का चयन
यूएई-इंडिया स्टार्टअप सीरीज 2.0 के बाद 6 भारतीय टेक स्टार्टअप्स का चयन हुआ है, जिन्हें अब अबू धाबी के मार्केट और निवेशकों से जुड़ने का मौका मिलेगा।

बेंगलुरु (कर्नाटक): यूएई-इंडिया स्टार्टअप सीरीज 2.0 के समापन के बाद छह भारतीय टेक्नोलॉजी स्टार्टअप्स को अबू धाबी के 'हब71 इमर्शन प्रोग्राम' के लिए चुना गया है। आधिकारिक प्रेस रिलीज के मुताबिक, इस सीरीज के लिए पूरे भारत से 11,000 से ज्यादा आवेदन आए थे।
बेंगलुरु में आयोजित फिनाले के दौरान दस शॉर्टलिस्टेड स्टार्टअप्स ने दो दिनों तक निवेशकों के साथ बैठकें कीं, मेंटरशिप ली और लाइव पिचिंग सेशन में हिस्सा लिया। अब चुने गए छह विजेताओं को यूएई के बाजार को समझने और वहां के निवेशकों, कॉर्पोरेट और सरकारी साझेदारों के साथ जुड़ने का मौका मिलेगा।
भारत में यूएई के राजदूत अब्दुल्ला सैफ अल नुऐमी ने चयन की घोषणा करते हुए कहा कि यह पहल भारतीय उद्यमियों को नए बाजारों, निवेश और व्यावसायिक साझेदारी तक पहुंचने में मदद करेगी। उन्होंने बताया कि यूएई और भारत ने 2032 तक द्विपक्षीय व्यापार को 200 अरब डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य रखा है, जिसमें ऐसी इनोवेटिव कंपनियों की भूमिका अहम होगी।
चयनित स्टार्टअप्स में नई दिल्ली से CYRAN AI सॉल्यूशंस और ऑनसाइट, नोएडा से नौगति, भुवनेश्वर से KoinX और बेंगलुरु से फोर्थकोड व फ्लो मोबिलिटी शामिल हैं।
CYRAN AI सॉल्यूशंस एयरोस्पेस और मैन्युफैक्चरिंग में दोषों की पहचान करने वाली डीप-टेक एआई कंपनी है। नौगति एआई और इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) के जरिए फ्यूल स्टेशनों की रियल टाइम निगरानी करता है। KoinX क्रिप्टोकरेंसी टैक्स और अकाउंटिंग समाधान देता है, जबकि ऑनसाइट निर्माण प्रबंधन के लिए एआई प्लेटफॉर्म मुहैया कराता है। फोर्थकोड एविएशन टेक्नोलॉजी पर केंद्रित है और फ्लो मोबिलिटी निर्माण स्थलों के लिए ऑटोनॉमस इलेक्ट्रिक वाहनों का विकास करता है।
ये स्टार्टअप 7 दिसंबर से शुरू होने वाले दो हफ्ते के हाइब्रिड प्रोग्राम में हिस्सा लेंगे। इसमें पहला हफ्ता वर्चुअल तैयारी का होगा और दूसरा हफ्ता अबू धाबी के हब71 में व्यक्तिगत रूप से बिताया जाएगा। इस दौरान संस्थापकों को वहां के बिजनेस और रेगुलेटरी माहौल को समझने के लिए मेंटरशिप और नॉलेज सेशन दिए जाएंगे।
अगले चरण में इन छह में से तीन स्टार्टअप्स को हब71 के 'एक्सेस प्रोग्राम' के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। अंत में किसी एक स्टार्टअप को इस प्रोग्राम में शामिल होने का मौका मिलेगा, जिसे 2.5 लाख दिरहम के इन-काइंड इंसेंटिव और SAFE नोट के जरिए 2.5 लाख दिरहम नकद दिए जाएंगे।
हब71 के सीईओ अहमद अली अलवान ने कहा कि भारत तकनीकी नवाचार और उद्यमी प्रतिभा का एक महत्वपूर्ण स्रोत है। उन्होंने बताया कि इस सहयोग से महत्वाकांक्षी संस्थापकों को निवेशकों और बाजार के अवसरों से जुड़ने में मदद मिल रही है, जिससे वे यूएई और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी ग्रोथ बढ़ा सकेंगे।