नेपाल की शे-फोक्सुंडो झील के पास भारी बर्फबारी के बीच 6 भारतीय पर्यटक लापता
नेपाल की सबसे गहरी झील की ट्रेकिंग पर निकले 6 भारतीय पर्यटक भारी बर्फबारी के कारण लापता हो गए हैं। बचाव कार्य जारी है।

डोल्पा (नेपाल): नेपाल की सबसे गहरी शे-फोक्सुंडो झील की ट्रेकिंग पर निकले छह भारतीय पर्यटक भारी बर्फबारी के कारण लापता हो गए हैं। लापता लोगों में चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।
एएनआई के मुताबिक, यह समूह डोल्पा बुद्ध ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 और 8 के बीच यात्रा करते समय गायब हुआ। स्थानीय अधिकारियों और गाइडों का अनुमान है कि बंगाल की खाड़ी में आए चक्रवात 'अर्नब' की वजह से हुई भीषण बर्फबारी के कारण यह दल बीच में ही फंस गया है।
डोल्पा के मुख्य जिला अधिकारी जूनु हमाल ने पुष्टि की कि पर्यटक धो से फोक्सुंडो झील की ओर जा रहे थे। हमाल ने बताया कि स्थानीय निवासियों द्वारा पहाड़ों की खतरनाक स्थिति के बारे में चेतावनी दिए जाने के बावजूद पर्यटकों ने अपनी यात्रा जारी रखी थी।
शे-फोक्सुंडो ग्रामीण नगरपालिका के अध्यक्ष धवा समदुक गुरुंग ने कहा कि वार्ड 4 और 8 के बीच के पहाड़ी दर्रों में मोबाइल फोन नेटवर्क बिल्कुल नहीं है। इस वजह से खोज और बचाव अभियान चलाने में काफी दिक्कतें आ रही हैं।
पर्यटकों के समूह को आखिरी बार नुमला पास और बगला पास के इलाकों के पास देखा गया था। इस स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन कार्यालय ने एक आधिकारिक सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है, जिसमें सभी पर्यटकों से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अपर डोल्पा में कुल 244 पर्यटक पहुंचे हैं। इनमें 149 नेपाली नागरिक, सार्क देशों के 44 लोग और अन्य विदेशी देशों के 51 यात्री शामिल हैं।