सऊदी अरब में सुरक्षा हालात खराब होने से इंडिगो ने 31 अक्टूबर तक रद्द की उड़ानें, भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी
सुरक्षा कारणों से इंडिगो ने जेद्दा, दम्माम और मदीना की उड़ानें 31 अक्टूबर तक रद्द कर दी हैं। भारतीय दूतावास ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

नई दिल्ली: सऊदी अरब में बिगड़ते सुरक्षा हालात को देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस ने जेद्दा, दम्माम और मदीना आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानों को शनिवार, 31 अक्टूबर तक रद्द करने का फैसला किया है। एयरलाइन ने एक ट्रैवल एडवाइजरी जारी कर बताया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है और वे इस मामले में संबंधित अधिकारियों के साथ तालमेल बिठा रहे हैं।
इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि सावधानीपूर्वक मूल्यांकन के बाद 31 अक्टूबर तक इन शहरों की उड़ानें बंद रहेंगी। इससे पहले एयरलाइन ने रियाद की उड़ानों को 31 अक्टूबर तक और जेद्दा, दम्माम व मदीना की उड़ानों को 27 अक्टूबर तक रद्द करने की घोषणा की थी, जिसे अब बढ़ा दिया गया है।
सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने भी इस खबर की पुष्टि की है। दूतावास ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना के लिए इंडिगो की उड़ानें 31 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी। वहीं, अकासा एयर ने भी अपनी उड़ानों पर रोक बढ़ा दी है, जिसके तहत जेद्दा के लिए उड़ानें 10 नवंबर और रियाद के लिए 30 नवंबर तक बंद रहेंगी।
उड़ानों के रद्द होने से फंसे भारतीय नागरिकों, खासकर उमराह यात्रियों की मदद के लिए जेद्दा स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने एक विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने बताया कि जेद्दा और मक्का में उनके कंट्रोल रूम चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। स्थानीय भारतीय समुदाय और स्वयंसेवकों की मदद से फंसे लोगों को भोजन और जरूरी दवाइयां पहुंचाई जा रही हैं।
दूतावास के अधिकारी वीजा वैधता बढ़ाने और देरी से वापसी जैसी समस्याओं को सुलझाने के लिए सऊदी हज और उमराह मंत्रालय तथा विदेश मंत्रालय के संपर्क में हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे आवास या अन्य सेवाओं में दिक्कत आने पर सऊदी हज और उमराह मंत्रालय के पिलग्रिम केयर सेंटर (1966) पर संपर्क करें और वहां से मिला रेफरेंस नंबर दूतावास के कंट्रोल रूम को दें।
भारतीय मिशन एयरलाइंस के साथ रिफंड की बात कर रहा है और उमराह टूर ऑपरेटरों को उन एयरलाइंस से जोड़ने की कोशिश कर रहा है जो अभी भी भारत के लिए उड़ानें भर रही हैं। दूतावास ने यात्रियों से अपनी एयरलाइंस और ट्रैवल एजेंटों के संपर्क में रहने को कहा है।
इससे पहले सऊदी अधिकारियों ने मक्का शहर में हवाई खतरे की चेतावनी जारी की थी, हालांकि बाद में सिविल डिफेंस ने बताया कि खतरा टल गया है। नेशनल अर्ली वार्निंग प्लेटफॉर्म ने मक्का प्रांत के निवासियों को संभावित खतरे के प्रति सचेत किया था।