ओमान के सललाह में आईएनएस सुदर्शन पर जुटे 500 से ज्यादा भारतीय प्रवासी और छात्रों ने जानी नौसेना की परंपराएं

सललाह (ओमान): भारतीय नौसेना के ट्रेनिंग जहाज आईएनएस सुदर्शन ने ओमान के दक्षिणी शहर सललाह में स्थानीय भारतीय समुदाय के लोगों का स्वागत किया। इस मौके पर 500 से ज्यादा भारतीय प्रवासियों ने जहाज का दौरा किया, जिनमें इंडियन स्कूल सललाह के छात्र और शिक्षक भी शामिल थे।
जहाज के चालक दल ने मेहमानों को जहाज पर रहने के अनुभवों के बारे में बताया। साथ ही उन्होंने वर्तमान में चल रही लोकायन-26 यात्रा के दौरान हुए अपने अनुभवों को भी साझा किया।
यह जहाज जनवरी 2026 में कोच्चि से अपनी यात्रा के लिए निकला था। लोकायन-26 अभियान के तहत सललाह इस यात्रा का आखिरी विदेशी बंदरगाह है।
इस कार्यक्रम में भारतीय राजदूत प्रशांत पिसे भी शामिल हुए। उन्होंने वहां राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भारत व ओमान के बीच समुद्री साझेदारी की अहमियत पर जोर दिया।
स्थानीय भारतीय समुदाय के लिए यह कार्यक्रम गर्व का क्षण रहा। साथ ही यहां आए छात्रों को भारतीय नौसेना की परंपराओं को करीब से जानने का मौका मिला।