अमेरिका अगर मदर ऑफ ऑल बॉम्ब्स का इस्तेमाल करेगा तो ईरान की मिसाइलें तैयार हैं, IRGC सलाहकार ने डोनाल्ड ट्रंप को चेताया

तेहरान: ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) के कमांडर-इन-चीफ के वरिष्ठ सलाहकार ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद रजा नकदी ने अमेरिका को सख्त चेतावनी दी है। रविवार 18 अक्टूबर 2026 को दिए अपने बयान में उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से कहा कि अगर दुश्मन ने अपनी हद पार की और 'मदर ऑफ ऑल बॉम्ब्स' के इस्तेमाल की धमकी दी, तो उसे यह समझ लेना चाहिए कि ईरान की मिसाइलें पूरी तरह तैयार हैं।
जनरल नकदी ने अमेरिका के 14 टन वजन वाले इस हथियार की सामरिक वैल्यू को खारिज कर दिया। उन्होंने दावा किया कि यह हथियार पिछले उदाहरणों में अप्रभावी साबित हुआ है और हार चुका है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि ईरान ने अमेरिकी बम के पीछे की तकनीक का सफलतापूर्वक विश्लेषण कर लिया है।
देश के रक्षा दृष्टिकोण पर जोर देते हुए जनरल नकदी ने बताया कि ईरान की मिसाइल क्षमताएं उसकी रक्षा रणनीति का एक बुनियादी हिस्सा हैं। उन्होंने साफ किया कि दुश्मन द्वारा की गई किसी भी शत्रुतापूर्ण कार्रवाई का नतीजा हार ही होगा।
इसी दिन ईरान के नवनियुक्त रक्षा मंत्री मेहरदाद अखलागी केताबची ने भी वाशिंगटन को चेतावनी दी। केताबची ने 'मदर ऑफ ऑल बॉम्ब्स' से होने वाले किसी भी संभावित हमले के खिलाफ आगाह करते हुए कहा कि ईरान ने जरूरी कदम उठा लिए हैं और वह जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।