ईरान के सरकारी मीडिया ने पहली बार बताया, परमाणु हमले में कैसे बचें नागरिक
ईरान के सरकारी मीडिया ने नागरिकों के लिए परमाणु हमले के दौरान बचने के निर्देश जारी किए हैं, जिसमें शेल्टर और सफाई के तरीके बताए गए हैं।

तेहरान: ईरान के सरकारी मीडिया ने देश में संभावित परमाणु हमले की स्थिति से निपटने के लिए नागरिकों के लिए पहली बार विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों में विस्फोट के समय खुद को बचाने और उसके बाद की सावधानियों के बारे में बताया गया है।
गाइडलाइंस के मुताबिक, विस्फोट के दौरान होने वाली तेज रोशनी की तरफ सीधे देखने से बचना चाहिए। जो लोग बाहर हों और तुरंत किसी इमारत में न जा सकें, उन्हें किसी अवरोध (बैरियर) के पीछे छिपने, जमीन पर सपाट लेटने और अपने चेहरे व सिर को ढकने की सलाह दी गई है।
विस्फोट की शुरुआती लहर के बाद नागरिकों से कहा गया है कि वे तुरंत नजदीकी इमारत में चले जाएं। इस दौरान घटना का वीडियो बनाने या उसे देखने की कोशिश न करें। साथ ही, यह स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि बचाव के लिए वाहनों का इस्तेमाल न करें।
इमारत के अंदर जाने के बाद लोगों को बेसमेंट या किसी आंतरिक कमरे में रहने को कहा गया है, जहां वे बाहरी दीवारों और खिड़कियों से दूर रह सकें। सभी खिड़की-दरवाजे बंद रखने और बाहर से हवा खींचने वाले वेंटिलेशन या एयर कंडीशनिंग सिस्टम को बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
संदूषण (डीकंटामिनेशन) को लेकर जारी निर्देशों में कहा गया है कि बाहरी कपड़े, जिन पर रेडिएशन का असर हुआ हो, उन्हें बिना हिलाए उतारकर एक सीलबंद बैग में रख दें। इन कपड़ों को फेंकने के लिए शेल्टर से बाहर न निकलें।
प्रभावित लोगों को गुनगुने पानी और साबुन से नहाने और सामान्य शैम्पू का उपयोग करने को कहा गया है, लेकिन कंडीशनर का इस्तेमाल न करने की सलाह दी गई है। अगर नहाना संभव न हो, तो चेहरे, हाथों और खुली त्वचा को पानी या वेट वाइप्स से साफ करें।
खान-पान के लिए केवल बोतलबंद पानी और पहले से पैक किए गए खाद्य पदार्थों का ही सेवन करने को कहा गया है। नागरिकों को कम से कम 24 घंटे तक शेल्टर के अंदर रहने के लिए तैयार रहना होगा।
निर्देशों में यह भी कहा गया है कि 24 घंटे बाद यह न मान लें कि खतरा टल गया है। बाहर निकलने के लिए आधिकारिक निर्देशों और आपातकालीन मार्गदर्शन का पालन करना जरूरी है। यदि इमारत में आग लगने या ढहने का खतरा हो, तो सुरक्षित शेल्टर में चले जाएं।
गाइडलाइंस में परिवारों को सलाह दी गई है कि वे जोखिमों को कम करने और तैयारी बढ़ाने के लिए इन प्रक्रियाओं की पहले से समीक्षा कर लें।