क्षेत्रीय तनाव के बीच ईरान ने बहुस्तरीय युद्ध के लिए अपनी तैयारी पूरी की और किसी भी हमले का कड़ा जवाब देने की चेतावनी दी

तेहरान: ईरान ने एक व्यापक और बहुस्तरीय युद्ध के लिए अपनी सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बुधवार को ईरानी राज्य मीडिया ने बताया कि देश ने यह तय किया है कि किसी भी तरह के हमले का जवाब बिना किसी रोक-टोक के दिया जाएगा। एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने प्रेस टीवी को बताया कि ईरानी सशस्त्र बल हमलावरों और उनके समर्थकों के हितों को पूरी ताकत से निशाना बनाएंगे।
विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि ईरान संभावित संघर्ष के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने साफ किया कि तेहरान आर्थिक प्रतिबंधों या सैन्य धमकियों के आगे नहीं झुकेगा। वहीं राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन ने जोर देकर कहा कि ईरान अपनी जमीन को बचाने के लिए बड़ी से बड़ी कठिनाई सह लेगा, लेकिन समर्पण नहीं करेगा।
इससे पहले 20 अक्टूबर को सैन्य प्रमुख मेजर जनरल अली अब्दोल्लाही ने चेतावनी दी थी कि हालिया संघर्षों से मिले सबक के बाद ईरान अब किसी भी नए हमले का अधिक जोरदार जवाब देने के लिए बेहतर ढंग से लैस है। रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के प्रवक्ता हुसैन मोहेब्बी ने बताया कि सेना के पास अब ऐसे नए लक्ष्य हैं जिन पर पहले कभी हमला नहीं किया गया।
क्षेत्रीय तनाव के बीच इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य में माइन ब्लॉकेड (बारूदी सुरंगों से नाकाबंदी) कर दी है। इस वजह से रोजाना गुजरने वाले टैंकरों की संख्या 85 से घटकर सिर्फ चार रह गई है, जिससे कच्चे तेल की आवाजाही में 86 प्रतिशत की गिरावट आई है।
रिपोर्ट के मुताबिक तीन सुपरटैंकरों की टक्कर बारूदी सुरंगों से हुई है। इनमें से एक जहाज, जिसमें 20 लाख बैरल से ज्यादा कच्चा तेल था, जलडमरूमध्य के पास फट गया। ईरान ने अब इस जलमार्ग को केवल उन वाणिज्यिक जहाजों के लिए सीमित कर दिया है जो IRGC नौसेना अधिकारियों के साथ समन्वय करेंगे।
विदेश मंत्री अराघची ने संकेत दिया कि जब तक अमेरिका सात दिनों के पुन: खुलने की पहल के लिए तेहरान की शर्तें नहीं मानता, तब तक जलडमरूमध्य बंद रहेगा। इस बीच पाकिस्तान और कतर की मदद से अप्रत्यक्ष बातचीत के जरिए राजनयिक प्रयास जारी हैं।
दूसरी तरफ अमेरिका इस क्षेत्र में अपना तीसरा विमानवाहक पोत और लगभग 10,000 सैनिकों को तैनात कर रहा है। सऊदी अरब में वायु रक्षा प्रणालियों ने मदीना और पूर्वी क्षेत्रों को निशाना बनाने वाले चार ड्रोन पकड़े हैं, जबकि इराक ने शीब बॉर्डर क्रॉसिंग को सभी यात्रियों, वाहनों और वाणिज्यिक यातायात के लिए बंद कर दिया है।