क्षेत्रीय सुरक्षा पर चर्चा के लिए ईरान में जुटेंगे सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्की के बड़े अधिकारी
ईरान में सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्की के शीर्ष अधिकारी क्षेत्रीय सुरक्षा और इजरायल के मुद्दों पर चर्चा करने के लिए जुट रहे हैं।

तेहरान: ईरान की राजधानी तेहरान में सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्की के वरिष्ठ अधिकारियों की एक अहम बैठक होने जा रही है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाए ने सोमवार को बताया कि यह मुलाकात क्षेत्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में आगे के सहयोग का रास्ता खोल सकती है।
इस बैठक में सऊदी रक्षा मंत्री खालिद बिन सलमान, पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर और तुर्की की खुफिया एजेंसी के प्रमुख इब्राहिम कालिन शामिल हो रहे हैं। बगाए ने अपनी साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि इस बैठक की पहल पाकिस्तान सेना प्रमुख असीम मुनीर ने अपनी तेहरान यात्रा के दौरान की थी, जिसे ईरान ने सकारात्मक रूप से स्वीकार किया।
ईरानी प्रवक्ता ने कहा कि क्षेत्र के देश जब अपने हितों और चिंताओं के आधार पर सुरक्षा तंत्र विकसित करने की कोशिश करते हैं, तो यह एक अच्छी बात है। उन्होंने जोर देकर कहा कि दशकों से ईरान इसी बात पर जोर देता रहा है कि क्षेत्रीय सुरक्षा तभी सुनिश्चित हो सकती है जब क्षेत्र के देश खुद अपनी सुरक्षा व्यवस्था तय करें।
बगाए के मुताबिक, पिछले दो वर्षों और खासकर पिछले आठ महीनों की घटनाओं ने यह साबित कर दिया है कि बिना आपसी सहयोग और भरोसे के क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा संभव नहीं है। उन्होंने इस बैठक को 'स्वदेशी सुरक्षा' (endogenous security) को आकार देने की दिशा में एक शुरुआती कदम बताया।
बैठक के दौरान तीनों देशों के अधिकारी ईरानी राष्ट्रपति और सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव से भी मुलाकात करेंगे। इन चर्चाओं में इजरायल की विस्तारवादी नीतियों, फिलिस्तीन और उसके आसपास के इलाकों में हो रही हलचल और लेबनान जैसे गंभीर मुद्दों पर बात होने की उम्मीद है।
इससे पहले सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के डिप्टी सचिव अली बघेरी ने बताया कि यह दौरा पश्चिम एशिया में क्षेत्रीय देशों के सहयोग से सुरक्षा बढ़ाने के प्रयासों का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि असीम मुनीर ने मेजर जनरल मोहसिन रजाई के साथ मुलाकात में सऊदी अरब, तुर्की और पाकिस्तान के वरिष्ठ अधिकारियों के तेहरान आने के फैसले की जानकारी दी थी।