नई दिल्ली में होने वाले 12वें ब्रिक्स संसदीय फोरम में शामिल नहीं हो पाएंगे ईरान के संसद स्पीकर मोहम्मद बागर गालिबाफ
ईरान के संसद स्पीकर मोहम्मद बागर गालिबाफ दिल्ली में होने वाले 12वें ब्रिक्स संसदीय फोरम में शामिल नहीं हो पाएंगे। उनकी जगह प्रतिनिधिमंडल आएगा।

नई दिल्ली: ईरान के संसद स्पीकर मोहम्मद बागर गालिबाफ कुछ अपरिहार्य कारणों से दिल्ली में आयोजित होने वाले ब्रिक्स सदस्य देशों के संसदीय स्पीकर्स की बैठक में शामिल नहीं हो सकेंगे। भारत की संसद 26 और 27 अक्टूबर को संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में 12वें ब्रिक्स संसदीय फोरम की मेजबानी कर रही है।
भारत में ईरान के दूतावास ने एक बयान जारी कर इस बात की पुष्टि की है। दूतावास ने बताया कि गालिबाफ के न आने के बावजूद तेहरान से एक संसदीय प्रतिनिधिमंडल इस बैठक में हिस्सा लेगा।
दूतावास ने अपने बयान में कहा कि ब्रिक्स का सदस्य होने के नाते ईरान इस समूह के शिखर सम्मेलनों और बैठकों में सक्रिय और प्रभावी भागीदारी के लिए प्रतिबद्ध है। ईरानी प्रतिनिधिमंडल ब्रिक्स के अन्य सदस्य देशों के साथ बातचीत और परामर्श जारी रखेगा।
ईरान का लक्ष्य संसदीय संबंधों और सहयोग के क्षेत्र में द्विपक्षीय और बहुपक्षीय सहयोग को और गहरा करना है। दूतावास ने इस बैठक के आयोजन और मेहमाननवाजी के लिए भारत सरकार का आभार जताया है।
ईरानी दूतावास ने इस शिखर सम्मेलन की सफलता की कामना की है और उम्मीद जताई है कि सदस्य देशों के बीच सहयोग और जुड़ाव को मजबूत करने के लिए इसके रचनात्मक परिणाम निकलेंगे।