ईरान ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी सैन्य कार्रवाई की भारी कीमत चुकानी होगी और युद्ध बढ़ा तो जवाब देंगे
ईरान के सुरक्षा परिषद सचिव ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि किसी भी सैन्य कार्रवाई की भारी कीमत चुकानी होगी और ऊर्जा बाजार प्रभावित होगा।

तेहरान: ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव मोहसिन रजाई ने अमेरिका को सख्त चेतावनी दी है कि तेहरान के खिलाफ किसी भी तरह की कार्रवाई की कीमत चुकानी होगी। उन्होंने कहा कि अगर युद्ध जारी रहता है, तो ईरान के पास इसका जवाब देने के लिए जरूरी क्षमताएं मौजूद हैं।
सरकारी प्रसारक आईआरआईबी के मुताबिक रजाई ने गुरुवार को बताया कि ईरान कूटनीति को प्राथमिकता देता है, बशर्ते सैन्य कार्रवाई के परिणामों की समझ विकसित हो सके। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि तेहरान आगे के टकराव के लिए पूरी तरह तैयार है। रजाई ने दावा किया कि पिछले चरणों में ईरान ने अपनी पूरी ताकत का इस्तेमाल नहीं किया था और युद्ध की तीव्रता के हिसाब से वह अपनी क्षमताओं को बढ़ा सकता है।
रजाई ने चेतावनी दी कि इस संघर्ष के जारी रहने से वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर लंबे समय तक असर पड़ेगा और अगले तीन साल तक ऊर्जा बाजार शांत नहीं होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा हालात ने क्षेत्रीय समीकरणों को ईरान के पक्ष में बदल दिया है और खाड़ी देश अब तेहरान के साथ अपने संबंधों पर फिर से विचार कर रहे हैं।
ईरानी सचिव के अनुसार, खाड़ी देशों को अब यह लगने लगा है कि अमेरिकी सेना अपने सैन्य ठिकानों की रक्षा करने में भी सक्षम नहीं है, जबकि ये देश पहले अमेरिका से अपनी सुरक्षा की उम्मीद करते थे।
दूसरी तरफ, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने अमेरिका पर जहाजों को बारूदी सुरंगों वाले समुद्री रास्ते से गुजरने के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। आईआरजीसी ने चेतावनी दी है कि अगर यह सिलसिला जारी रहा, तो टकराव का दायरा क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों तक बढ़ सकता है।
आईआरजीसी नौसेना ने दावा किया है कि उन्होंने उत्तरी फारस की खाड़ी में तेल ले जा रहे चार जहाजों को निशाना बनाकर आग लगा दी, जबकि तीन अन्य जहाज पश्चिमी होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरंगों से टकरा गए। नौसेना के मुताबिक, इन जहाजों ने चेतावनी के बावजूद अवैध रास्ते का इस्तेमाल किया था।
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ईरान के साथ बातचीत नहीं कर रहा है और जल्द ही कुछ होगा। जब उनसे बातचीत के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने संकेत दिया कि परिणाम अनिश्चित हैं और फिलहाल वे बातचीत नहीं कर रहे हैं।