इजरायल की दो टूक: गाजा में पुनर्निर्माण से पहले हमास का निशस्त्रीकरण जरूरी
इजरायल ने डोनाल्ड ट्रंप के 20 सूत्रीय प्लान का समर्थन किया है और कहा है कि हमास के हथियार डालने के बिना गाजा का पुनर्निर्माण संभव नहीं है।

यरूशलेम (इजरायल): इजरायल ने गाजा पट्टी में पुनर्निर्माण कार्य शुरू करने के लिए हमास के पूर्ण निशस्त्रीकरण को अनिवार्य शर्त बताया है। इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 20 सूत्रीय शांति प्रस्ताव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थों से मांग की है कि वे हमास पर तुरंत हथियार डालने का दबाव बनाएं।
इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर 'स्टेटमेंट ऑन गाजा एंड द बोर्ड ऑफ पीस' शीर्षक से एक आधिकारिक बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि इजरायल अमेरिका और बोर्ड ऑफ पीस के साथ मिलकर काम कर रहा है। बयान के मुताबिक, ट्रंप के प्लान की सफलता के लिए यह जरूरी है कि पुनर्निर्माण से पहले हमास निशस्त्र हो और गाजा का विसैन्यीकरण किया जाए।
इजरायल ने आरोप लगाया है कि हमास ने निशस्त्रीकरण, शासन से हटने और गाजा को कट्टरपंथ से मुक्त करने के अपने वादों को पूरा नहीं किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि हमास ने अब तक एक भी हथियार सरेंडर नहीं किया है और वह गाजा के लोगों को अपने आतंकी शासन का बंधक बनाए हुए है।
बयान में आगे दावा किया गया कि हमास मानवीय सहायता सामग्री का इस्तेमाल अपने सैन्य नेटवर्क को मजबूत करने के लिए कर रहा है। इजरायल के मुताबिक, घरों के लिए आए सीमेंट का उपयोग आतंकी सुरंगें बनाने में किया गया, पानी के पाइपों को मिसाइल लॉन्चर में बदला गया और सैनिटेशन पंपों का इस्तेमाल रॉकेट बनाने के लिए किया गया। इजरायल ने संयुक्त राष्ट्र और UNRWA पर इन गतिविधियों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है।
मानवीय सहायता के संदर्भ में इजरायल ने बताया कि उसने COGAT के माध्यम से गाजा में कड़ाके की ठंड से निपटने के लिए 'विंटरइजेशन पैकेज' की सुविधा दी है। इस योजना के तहत 91,000 से अधिक टेंट, तिरपाल, कंबल और सर्दियों के कपड़ों से लदे 8,200 से ज्यादा ट्रक भेजे गए हैं। साथ ही, सीवेज हटाने के लिए 12 वैक्यूम ट्रक और जल नेटवर्क की मरम्मत के लिए ईंधन भी उपलब्ध कराया गया है।
इजरायल ने अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थों से अपील की है कि वे हमास से तुरंत निशस्त्रीकरण की मांग करें ताकि ट्रंप के 20 सूत्रीय प्लान को लागू किया जा सके। इजरायल का कहना है कि 7 अक्टूबर के हमलों से इस युद्ध की शुरुआत हमास ने की थी और गाजा के लोगों की मौजूदा तकलीफों के लिए वही जिम्मेदार है।
दूसरी ओर, अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल के राष्ट्रपति हर्ज़ोग ने पिछले महीने हुए चुनावों के बाद नई सरकार बनाने के लिए गाडी आइजनकोट को चुना है। आइजनकोट ने एक आपातकालीन प्रशासन के लिए चार स्तंभों वाला ढांचा तैयार किया है।