एस जयशंकर का तीन अफ्रीकी देशों का दौरा, द्विपक्षीय संबंधों को मिलेगी मजबूती

भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार से घाना, आइवरी कोस्ट (Cote d’Ivoire) और इथियोपिया की पांच दिवसीय आधिकारिक यात्रा शुरू की है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य इन तीन अफ्रीकी देशों के साथ भारत की साझेदारी को और अधिक गहरा करना और आपसी सहयोग को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है। 6 से 10 अक्टूबर तक चलने वाले इस दौरे के दौरान विदेश मंत्री विभिन्न देशों के नेतृत्व और अपने समकक्षों के साथ अहम बैठकें करेंगे।
विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, इन मुलाकातों में व्यापार, आर्थिक सहयोग, क्षमता निर्माण और लोगों के बीच संबंधों जैसे विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा होगी। इसके अलावा, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा। यह दौरा ग्लोबल साउथ के प्रति भारत की प्रतिबद्धता और अफ्रीका के साथ मजबूत रिश्तों की इच्छा को दर्शाता है। इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा में रुकने के दौरान एस जयशंकर 'रीजनल हेड्स ऑफ मिशन कॉन्फ्रेंस' की अध्यक्षता भी करेंगे।
घाना के साथ फार्मा और कृषि पर रहेगा जोर
घाना की यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच फार्मास्युटिकल विकास, कृषि मशीनीकरण और वैल्यू एडिशन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। घाना सरकार ने इस यात्रा का स्वागत करते हुए कहा कि यह दौरा दोनों देशों के अटूट बंधन और साझा मूल्यों को और मजबूत करेगा। साथ ही, इस दौरान औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन, आईटी साझेदारी और स्कॉलरशिप के विस्तार पर भी बातचीत होने की उम्मीद है।
इस यात्रा के दौरान विदेश मंत्री ने अदीस अबाबा में कॉमनवेल्थ की महासचिव शर्ली अयोकोर बोटचवे से भी मुलाकात की। इससे पहले, नई दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री केविन रड के साथ भी उनकी मुलाकात हुई थी, जिसमें इंडो-पैसिफिक क्षेत्र और वैश्विक घटनाक्रमों पर चर्चा की गई थी।