जनकपुर-अयोध्या ट्रेन सेवा जल्द होगी शुरू, नेपाल पीएम की भारत यात्रा में हरी झंडी संभव
नेपाल और भारत के बीच जनकपुर-अयोध्या ट्रेन सेवा जल्द शुरू होगी। नेपाल के पीएम की भारत यात्रा के दौरान इसका शुभारंभ हो सकता है।

जनकपुर (नेपाल): सीता और राम की जन्मस्थली को जोड़ने वाली जनकपुर-अयोध्या ट्रेन सेवा जल्द ही पटरी पर उतर सकती है। नेपाल के रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस सेवा की तैयारियां काफी आगे बढ़ चुकी हैं और उम्मीद है कि अगले कुछ हफ्तों में बची हुई बाधाएं दूर हो जाएंगी।
नेपाल रेलवे, जनकपुर के प्रबंध निदेशक परिवेश पराजुली ने बताया कि जनकपुर-अयोध्या रेलवे के लिए तैयारियां चल रही हैं और कुछ रणनीतियां तय होते ही इसे शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच संचालन प्रक्रिया और तौर-तरीकों पर बातचीत जारी है, जिसके एक-दो हफ्ते में फाइनल होने की उम्मीद है। पराजुली के मुताबिक, ट्रेन को ट्रैक पर उतारने के लिए प्रक्रियाओं के अंतिम रूप लेने का इंतजार है।
नेपाल के विदेश मंत्रालय और रेलवे विभाग के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस महीने के अंत में नेपाल के प्रधानमंत्री बलेंद्र शाह की भारत यात्रा के दौरान इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जा सकती है। विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली से नेपाल और भारत के प्रधानमंत्री वर्चुअली इस सेवा का शुभारंभ कर सकते हैं।
इस रेल सेवा को लेकर भारत और नेपाल के बीच इस शरद ऋतु की शुरुआत में बातचीत शुरू हुई थी। जयनगर (भारत) रेलवे स्टेशन के रेस्ट हाउस में दोनों देशों के सीमा शुल्क, इमिग्रेशन और सुरक्षा अधिकारियों ने मुलाकात की थी। इस दौरान रेल लिंक, सिग्नलिंग, इमिग्रेशन चेक, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा पर चर्चा हुई। यह सहमति बनी है कि नेपाली हिस्से में सुरक्षा की जिम्मेदारी नेपाली एजेंसियां संभालेंगी और भारतीय हिस्से में भारतीय एजेंसियां।
अधिकारियों ने जयनगर-जनकपुरधाम-कुर्था सेक्शन का संयुक्त निरीक्षण भी किया। इसी महीने 17 कोच वाली एक भारतीय ट्रेन (नंबर WDP-4D 40370) ने जयनगर से कुर्था तक ट्रायल रन पूरा किया है। बैठक में यह तय हुआ कि जब तक नेपाल इसे संभालने में सक्षम नहीं हो जाता, तब तक भारतीय रेलवे ही इस ट्रेन का संचालन करेगा।
परिवेश पराजुली ने बताया कि फिलहाल टिकट किराया और अन्य सुविधाओं का निर्णय भारतीय रेलवे द्वारा किया जाएगा। बाद में संसाधन उपलब्ध होने पर नेपाल अपनी सुविधाओं और बदलावों पर फैसला लेगा। शुरुआती योजना के अनुसार, हफ्ते में एक राउंड ट्रिप होगी, जिसे यात्रियों की संख्या के आधार पर बढ़ाया जा सकता है।
यह ट्रेन जनकपुरधाम से अयोध्या के लिए रवाना होगी और अगले दिन वापस लौटेगी। नेपाल की तरफ जनकपुरधाम और जयनगर स्टेशन होंगे, जबकि भारतीय स्टेशनों और सटीक रूट का निर्धारण अभी बाकी है। प्रस्तावित रूट की कुल लंबाई लगभग 464 किलोमीटर है।
पराजुली ने कहा कि यह रेल सेवा भारत और नेपाल के उन संबंधों को दर्शाती है जो राम और सीता के विवाह के समय से चले आ रहे हैं। इससे पर्यटन, आर्थिक और सामाजिक क्षेत्रों को बढ़ावा मिलेगा और दोनों देशों के रिश्ते और गहरे होंगे।
यह सेवा रामायण सर्किट को व्यावहारिक रूप देगी, जिससे अयोध्या के राम मंदिर जाने वाले नेपाली भक्तों और जनकपुर आने वाले भारतीय तीर्थयात्रियों को काफी सुविधा होगी।