जोगबनी में एसएसबी ने बरामद की नेपाल के मंदिर की चोरी मूर्ति

अररिया, 11 अक्टूबर (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा में लगे सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 56वीं बटालियन ने नेपाल के विराटनगर स्थित संसारी माता मंदिर से चोरी हुई प्राचीन मूर्ति को सकुशल बरामद कर लिया। जोगबनी बीसीपी के पास की गई सघन तलाशी के बाद यह कार्रवाई हुई, जिसके बाद मूर्ति रविवार को नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) को सौंप दी गई।
सीमा पर तलाशी में पकड़ में आई मूर्ति
जानकारी के अनुसार, संसारी माता मंदिर से यह अति प्राचीन मूर्ति चोरी हो गई थी। इस मूर्ति और मंदिर के साथ नेपाल और भारत के बड़ी संख्या में हिंदू श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है, इसलिए इसकी चोरी से स्थानीय लोगों में चिंता थी। एसएसबी की टीम ने जोगबनी बीसीपी के पास सूरज विश्वकर्मा नामक नेपाली नागरिक की तलाशी ली, और इसी दौरान मूर्ति भारतीय क्षेत्र में बरामद हुई।
बरामदगी के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर मूर्ति को रविवार को नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल के सुपुर्द किया गया। जोगबनी मुख्य सीमा पर एपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिमा को अपने कब्जे में लिया और उसे मंदिर प्रबंधन समिति को सुरक्षित वापस सौंप दिया।
मूर्ति की वापसी पर मंदिर प्रबंधन समिति और नेपाल आर्म्ड पुलिस बल के अधिकारियों ने एसएसबी 56वीं वाहिनी के प्रति आभार जताया। पूरे घटनाक्रम की जानकारी एसएसबी 56वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी नवीन कुमार गुप्ता ने दी।