भारत नेपाल सीमा स्थित जोगबनी में प्रशासन ने किया फ्लैग मार्च और एसपी ने रावण दहन स्थलों की सुरक्षा जांची

अररिया: शारदीय नवरात्र के दौरान कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखने और सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। इसी कड़ी में भारत-नेपाल सीमा पर स्थित जोगबनी में फारबिसगंज अनुमंडल प्रशासन की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया।
एसडीएम अभय कुमार तिवारी और एसडीपीओ राजकिशोर के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों, बलों और एसएसबी के जवानों ने बॉर्डर के मुख्य गेट से लेकर पूरे बाजार क्षेत्र तक पैदल मार्च किया। इस मार्च का मकसद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को मुस्तैद रखना है।
वहीं एसपी जितेन्द्र कुमार ने नरपतगंज हाई स्कूल सहित अन्य जगहों पर रावण दहन के लिए तय किए गए स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
एसपी जितेन्द्र कुमार खुद शहरी और ग्रामीण इलाकों में पूजा के दौरान कानून व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। प्रशासन ने जोकीहाट, पलासी, भरगामा, सिकटी, कुर्साकांटा और कुआड़ी बाजार जैसे इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की है।
नगर निकाय क्षेत्र में प्रतिमा विसर्जन को लेकर भी तैयारियां चल रही हैं। निकाय के अधिकारी विभिन्न पोखरों, नदियों और तालाबों का निरीक्षण कर रहे हैं ताकि विसर्जन स्थलों पर साफ-सफाई का काम पूरा किया जा सके।