जोगबनी मुख्य बाजार में चला प्रशासन का बुलडोजर, अतिक्रमण पर हुई बड़ी कार्रवाई

Kush Singh6 October 20261 min read0 viewsIndia
जोगबनी मुख्य बाजार में चला प्रशासन का बुलडोजर, अतिक्रमण पर हुई बड़ी कार्रवाई

भारत-नेपाल सीमा पर स्थित जोगबनी के मुख्य बाजार में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्रशासन की टीम भारी पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंच गई। फारबिसगंज अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार तिवारी और जोगबनी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मयंक कुमार के नेतृत्व में यह सख्त कार्रवाई की गई, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।

जैसे ही प्रशासन की टीम बाजार पहुंची, दुकानदार आनन-फानन में अपनी दुकानों के बाहर रखे सामान को अंदर समेटने लगे। इस अभियान के दौरान सड़क किनारे बनी गुमटियों और अस्थायी दुकानों को हटाया गया, जबकि पक्के निर्माणों को ढहाने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल किया गया। गौरतलब है कि जोगबनी बाजार में बड़ी संख्या में लोग सड़क पर ठेला लगाकर दुकानें चलाते हैं, जिसकी वजह से यहां अक्सर ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती है।

त्योहारों से पहले ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की कोशिश

इस कार्रवाई के संबंध में एसडीएम अभय कुमार तिवारी ने बताया कि दशहरा और अन्य आगामी त्योहारों के दौरान बाजार में भीड़ बढ़ जाती है, जिससे जाम की गंभीर समस्या पैदा होती है। लोगों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कदम उठाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि खाली कराई गई सरकारी जमीन पर दोबारा कब्जा करने की कोशिश की गई, तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले प्रशासन ने जोगबनी हाट में भी इसी तरह का अभियान चलाकर अतिक्रमित जमीन को कब्जा मुक्त कराया था।

GulfHindi की हर खबर सबसे पहलेJoin
Share:

Comments

Leave a comment