सऊदी अरब में फंसे कर्नाटक के 600 उमराह यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए सीएम शिवकुमार ने विदेश मंत्री को लिखा पत्र
कर्नाटक के सीएम डीके शिवकुमार ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से सऊदी अरब में फंसे 600 उमराह यात्रियों की सुरक्षित वापसी और मदद की अपील की है।

बेंगलुरु: कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने सऊदी अरब के मक्का और मदीना में फंसे राज्य के 600 से अधिक उमराह यात्रियों की सुरक्षित और जल्द वापसी के लिए विदेश मंत्रालय से मदद मांगी है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय विदेश मंत्री एस जयशंकर को पत्र लिखकर इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मिडिल ईस्ट में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के कारण बेंगलुरु और भारत के अन्य हिस्सों के लिए लौटने वाली उड़ानें निलंबित कर दी गई हैं, जिससे ये यात्री वहां फंस गए हैं। कर्नाटक राज्य हज कमेटी के चेयरमैन और उनकी टीम ने पवित्र शहरों का दौरा किया और बताया कि हवाई सेवाओं में रुकावट की वजह से यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
शिवकुमार ने पत्र में लिखा कि कई यात्रियों के पास पैसे खत्म हो गए हैं और वे भोजन और रहने जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, होटल प्रबंधन यात्रियों को कमरे खाली करने के लिए कह रहे हैं, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की स्थिति और भी नाजुक हो गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में भारतीय और कर्नाटक के स्वयंसेवी संगठनों द्वारा दी जा रही अस्थायी सहायता सभी प्रभावित लोगों की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं है। उन्होंने मांग की कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा में भारतीय महावाणिज्य दूतावास सऊदी अधिकारियों और एयरलाइंस के साथ समन्वय कर यात्रियों की वापसी का इंतजाम करें।
पत्र में यह भी अनुरोध किया गया कि जरूरत पड़ने पर विशेष उड़ानें संचालित की जाएं और यात्रियों की वापसी तक उन्हें पर्याप्त अंतरिम सहायता दी जाए। मुख्यमंत्री ने इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और बिना किसी देरी के कदम उठाने की अपील की है।
दूसरी तरफ, रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि 10 अक्टूबर को रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले में घायल भारतीयों में से दो का इलाज आईसीयू में चल रहा है और दो अन्य सामान्य वार्ड में हैं। अब तक सात घायलों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है, जबकि एक भारतीय की इस हमले में मौत हो गई थी, जिनका अंतिम संस्कार 12 अक्टूबर को रियाद में हुआ।
दूतावास ने यह भी जानकारी दी कि 21 अक्टूबर को दम्माम के किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की जान चली गई, जिसके शव को भारत भेजने की प्रक्रिया जारी है। इस हमले में घायल दो भारतीयों में से एक को 22 अक्टूबर को छुट्टी मिल गई और दूसरे के आज डिस्चार्ज होने की उम्मीद है। इसके अलावा, पूर्वी प्रांत के शायबा तेल क्षेत्र पर हुए हमले में घायल एक भारतीय को 22 अक्टूबर को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।