ईरान के चाबहार पोर्ट पर फंसे केरल के नाविक अक्षय हरीश को मिला इमरजेंसी सर्टिफिकेट
ईरान के चाबहार पोर्ट पर फंसे केरल के नाविक अक्षय हरीश को भारत सरकार ने इमरजेंसी सर्टिफिकेट जारी किया है, अब उनकी जल्द वापसी होगी।

नई दिल्ली: ईरान के चाबहार पोर्ट पर फंसे केरल के एक भारतीय नाविक अक्षय हरीश को भारत सरकार ने इमरजेंसी ट्रैवल सर्टिफिकेट जारी कर दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि अब अक्षय की जल्द से जल्द घर वापसी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कोल्लम के प्रकुलम निवासी अक्षय हरीश अपने जहाज के कागजात खोने और क्षेत्रीय संघर्ष के कारण ईरान में फंस गए थे। उनके पास पासपोर्ट और यात्रा से जुड़े जरूरी दस्तावेज नहीं थे। 9 नवंबर को अक्षय ने भारतीय मिशन से संपर्क किया, जिसके तुरंत बाद तेहरान स्थित भारतीय दूतावास और बंदर अब्बास स्थित वाणिज्य दूतावास ने इस मामले में हस्तक्षेप किया।
प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि हमारे लिए भारतीय नाविकों की सुरक्षा और भलाई बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि अक्षय 2025 में जापान से 'पलाम मरीन' नाम के एक मर्चेंट वेसल पर सवार हुए थे। चाबहार पोर्ट पहुंचने पर जहाज के कप्तान ने उन्हें सूचित किया कि उनका पासपोर्ट और सीडीसी (कंटीन्यूअस डिस्चार्ज सर्टिफिकेट) खो गया है, जिसके बाद उन्हें जहाज से उतार दिया गया।
जायसवाल के मुताबिक, अक्षय को उनकी कंपनी से सहायता मिल रही है और कंपनी उनके रहने और खाने का खर्च उठा रही है। भारतीय अधिकारियों ने जहाज के मालिक और एजेंट से संपर्क कर जरूरी औपचारिकताओं की जानकारी दी, जिसके बाद अक्षय के आवेदन पर इमरजेंसी सर्टिफिकेट जारी किया गया।
अक्षय ने 5 दिसंबर 2025 को पलक्कड़ की एक भर्ती एजेंसी के जरिए शिपिंग कंपनी जॉइन की थी। उनके परिवार के अनुसार, अक्षय ने 35 दिनों के छोटे कार्यकाल की उम्मीद की थी। जब जहाज ईरान के पोर्ट पर पहुंचा, तब वहां युद्ध जैसी स्थिति पैदा हो गई।
जानकारी के मुताबिक, चावल के परिवहन के लिए पाकिस्तान की पहली यात्रा तो ठीक रही, लेकिन दूसरी यात्रा में कानूनी अड़चनें आईं। पाकिस्तानी पोर्ट अधिकारियों ने कप्तान के सर्टिफिकेट में समस्या बताकर भारी जुर्माना लगाया और केबिन क्रू, चीफ इंजीनियर व कप्तान के पासपोर्ट और सीडीसी जब्त कर लिए।
जहाज के ईरानी कप्तान और चीफ इंजीनियर वहां से निकल गए और म्यांमार के छह नागरिक अपने दूतावास के जरिए वापस लौटे, लेकिन अक्षय चाबहार में एक कमरे में अकेले रह गए। अक्षय ने रोते हुए अपनी मां से फोन पर मदद मांगी थी और कहा था कि उनके कागजात क्लियर नहीं हुए हैं, जिसमें महीनों लग सकते हैं।
अक्षय की मां ने बताया कि उनका बेटा फोन पर बहुत डरा हुआ था और उसने बताया था कि वे बंदर लंगेह की ओर जा रहे हैं। इसके बाद करीब दो महीने तक उसकी कोई खबर नहीं मिली। युद्ध तेज होने के कारण वे ईरान से दुबई या ओमान नहीं जा सके और ईरान से पाकिस्तान की ओर रवाना हुए।