नए यालू नदी पुल के जरिए चीन के डैन्डोंग पहुंचे उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन
उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन नए यालू नदी पुल के जरिए चीन के डैन्डोंग पहुंचे। यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब उनकी सेहत को लेकर अफवाहें थीं।

सियोल (दक्षिण कोरिया): उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन नए खुले न्यू यालू नदी पुल के जरिए चीन के सीमावर्ती शहर डैन्डोंग पहुंचे हैं। योनहाप न्यूज एजेंसी ने एक सरकारी सूत्र के हवाले से शनिवार को यह जानकारी दी है।
यह पुल चीन और उत्तर कोरिया की सीमा बनाने वाली यालू नदी पर बनाया गया है। चीन ने हाल ही में इस पुल को यातायात के लिए खोला है। चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने 14 अक्टूबर को बताया था कि यह पुल दोनों देशों के बीच व्यापार और लोगों के आपसी संपर्क को बढ़ाने में मददगार होगा।
माओ निंग के मुताबिक चीन और उत्तर कोरिया पहाड़ों और नदियों से जुड़े मित्र पड़ोसी हैं। उन्होंने कहा कि यह पुल कनेक्टिविटी के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा है जिससे दोनों देशों के लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा। दोनों देशों ने गुरुवार को एक संयुक्त समारोह के साथ इस पुल का आधिकारिक उद्घाटन किया था।
वहीं दूसरी तरफ किम जोंग उन की बहन किम यो-जोंग ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि उत्तर कोरिया अपनी दक्षिणी सीमा पर नए जवाबी साधन तैनात करेगा और कुछ ही दिनों में दक्षिण कोरिया को निशाना बनाने वाले प्रचार लाउडस्पीकर स्टैंडबाय पर होंगे।
किम यो-जोंग ने कहा कि उनकी संप्रभुता वाले क्षेत्र में दक्षिणी सीमा को मजबूत करने का काम जारी रहेगा। उनके मुताबिक इस प्रोजेक्ट से दोनों देशों के बीच सैन्य टकराव का खतरा कम होगा और कई जटिल समस्याओं का समाधान निकलेगा।
यह सब ऐसे समय में हो रहा है जब सोशल मीडिया पर किम जोंग उन की सेहत को लेकर अफवाहें चल रही थीं। कुछ दावों में कहा गया था कि उन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ है और वह अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन इन बातों की कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। उत्तर कोरियाई राज्य मीडिया ने किम जोंग उन की कुछ तस्वीरें जारी की हैं जिनमें वह एक प्रदर्शनी में जूतों और महिलाओं के कपड़ों का निरीक्षण कर रहे हैं।