किशनगंज के सुखानी में एसएसबी और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महिला से संदिग्ध अफीम और नेपाली करेंसी बरामद

Aanya17 October 20261 min read0 viewsIndia
किशनगंज के सुखानी में एसएसबी और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महिला से संदिग्ध अफीम और नेपाली करेंसी बरामद

किशनगंज: भारत-नेपाल सीमा से सटे किशनगंज जिले के कादोगांव में एसएसबी और सुखानी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर एक महिला को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान घर से 22.40 ग्राम संदिग्ध अफीम और एक हजार रुपये मूल्यवर्ग के 50 नेपाली नोट बरामद किए गए हैं।

एसएसबी की सूचना शाखा को 15 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे खबर मिली थी कि कादोगांव के एक घर में मादक पदार्थ छिपाकर रखे गए हैं। इस सूचना के बाद एसएसबी और पुलिस की टीम ने योजना बनाई और 16 अक्टूबर की रात करीब 12:30 बजे चिह्नित घर पर छापा मारा।

छापेमारी के वक्त घर में मैना मौजूद थी, जो अबुल कलाम आजाद की पत्नी है। महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में जब घर की तलाशी ली गई, तो पहली मंजिल के बरामदे में रखे एक ट्रंक से काले पॉलीथिन में लिपटा पैकेट मिला। इसी पैकेट से संदिग्ध मादक पदार्थ और नेपाली मुद्रा बरामद हुई है।

पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि ट्रंक में रखा सामान उसके पति अबुल कलाम आजाद का है। अबुल कलाम आजाद पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा थाना क्षेत्र के सोनापुर का रहने वाला बताया गया है।

सुखानी थानाध्यक्ष मन्नू कुमारी ने बताया कि इस मामले में थाना कांड संख्या 63/26 दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पति को भी इस मामले में आरोपित बनाया गया है।

GulfHindi की हर खबर सबसे पहलेJoin
Share:

Comments

Leave a comment