कुवैत में 5 प्रवासी को उम्रकैद की सजा सुनाई गई, कानून तोड़ना पड़ा भारी
कुवैत की अदालत ने सेंट्रल प्रिजन में ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थ पहुंचाने के मामले में 5 लोगों को उम्रकैद और भारी जुर्माने की सजा सुनाई है।

कुवैत: कुवैत की क्रिमिनल कोर्ट ने सेंट्रल प्रिजन में ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी करने के मामले में पांच दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। जज हमद अल-वज्जन की अध्यक्षता वाली अदालत ने इन पांचों पर 10,000 दीनार का जुर्माना भी लगाया है। कानून तोड़ने वाले इन दोषियों में चार कुवैती नागरिक और एक अवैध निवासी शामिल है।
इसी मामले में अदालत ने चार अन्य आरोपियों को भी सजा सुनाई है। इनमें एक कुवैती नागरिक और तीन अवैध निवासी शामिल हैं, जिन्हें दो साल के कठोर कारावास और 5,000 दीनार के जुर्माने की सजा दी गई है।
जांच के मुताबिक, आरोपियों ने ड्रोन का इस्तेमाल कर सेंट्रल प्रिजन के भीतर चरस (hashish), हेरोइन, कोकीन और अन्य साइकोट्रोपिक पदार्थों की तस्करी की थी। वे लगातार ड्रोन के जरिए जेल के अंदर प्रतिबंधित सामान गिराने की कोशिश कर रहे थे।
इस पूरे गिरोह का भंडाफोड़ जेल सुरक्षा कर्मियों और जनरल डिपार्टमेंट फॉर ड्रग कंट्रोल के साझा प्रयासों से हुआ। अधिकारियों ने इन अवैध ऑपरेशनों को नाकाम कर दोषियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
कुवैत की सेंट्रल प्रिजन को निशाना बनाकर ड्रोन से तस्करी की यह पहली कोशिश नहीं है। इससे पहले मई 2025 में दो बेडून व्यक्तियों की गिरफ्तारी हुई थी। अक्टूबर 2022 में एक इराकी और एक कुवैती को इराक से साइकोट्रोपिक पदार्थों की तस्करी के आरोप में अनुपस्थिति (in absentia) में सजा सुनाई गई थी।
अतीत में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें नवंबर 2016 में एक कुवैती नागरिक को अपने भाई के लिए ड्रग्स भेजने और अक्टूबर 2017 में एक मिस्र के प्रवासी को ड्रोन से प्रतिबंधित सामान भेजने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। सितंबर 2016 में भी एक कुवैती और एक बेडून को इसी तरह के ड्रोन ऑपरेशन के लिए पकड़ा गया था। इस ताजा मामले में उम्रकैद की सजा ने यह साफ कर दिया है कि कुवैत में कानून तोड़ना भारी पड़ेगा।