कुवैत में फर्जीवाड़ा: डीएनए टेस्ट से खुला राज, 105 लोगों की नागरिकता रद्द
कुवैत की सुप्रीम कमेटी ने फर्जी फैमिली रजिस्ट्रेशन के मामले में एक व्यक्ति समेत 105 लोगों की नागरिकता वापस ले ली है।

कुवैत: कुवैत की नागरिकता की जांच करने वाली सुप्रीम कमेटी ने एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए 105 लोगों की नागरिकता रद्द कर दी है। यह कार्रवाई फैमिली रजिस्ट्रेशन में की गई गंभीर धोखाधड़ी के बाद की गई है।
जांच में सामने आया कि एक प्राकृतिक नागरिक (naturalized citizen) ने फर्जी तरीके से तीन लोगों को अपनी संतान के रूप में दर्ज कराया था। अधिकारियों ने जब डीएनए टेस्ट कराया, तो सच्चाई सामने आ गई।
जांच के मुताबिक, जिन तीन लोगों को बच्चों के तौर पर दिखाया गया था, उनमें से एक व्यक्ति वास्तव में उस नागरिक का सगा भाई था। वहीं, अन्य दो लोग सीरियाई नागरिक थे, जिनका उस व्यक्ति से कोई पारिवारिक संबंध नहीं था।
इस धोखाधड़ी के चलते कमेटी ने उस प्राकृतिक नागरिक और उसके 15 जैविक बच्चों की नागरिकता वापस ले ली है। इसके अलावा, उनके आश्रितों के रूप में दर्ज 87 अन्य लोगों की नागरिकता भी रद्द कर दी गई है।
कमेटी ने उन तीन गलत तरीके से दर्ज किए गए व्यक्तियों और उनके आश्रितों की नागरिकता भी वापस ले ली है।