Strait of Hormuz में कुवैती टैंकर एमटी अल दसमा पर हुआ हमला, जहाज पर सवार सभी 21 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं
Strait of Hormuz में कुवैती टैंकर एमटी अल दसमा पर प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ। जहाज पर मौजूद सभी 21 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं।

मस्कट: Strait of Hormuz से गुजर रहे कुवैत के झंडे वाले तेल टैंकर एमटी अल दसमा पर बुधवार तड़के एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ। यह घटना ओमान के बुखा से करीब 11 समुद्री मील पश्चिम में सुबह 01:45 UTC पर हुई। हमले के बाद जहाज पर आग लग गई, जिसे बाद में बुझा लिया गया और फिलहाल जहाज लंगर डाले खड़ा है।
भारत के बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने एक्स पर जानकारी दी कि जहाज पर मौजूद सभी 21 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि भारत सरकार स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शिप मैनेजमेंट कंपनी के साथ संपर्क बनाए हुए है।
यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स (UKMTO) ने पुष्टि की है कि आग बुझा दी गई है, लेकिन जहाज अभी भी लंगर डाले हुए है। इससे पहले 18 अक्टूबर को जॉइंट मैरीटाइम इंफॉर्मेशन सेंटर (JMIC) ने एक एडवाइजरी जारी कर Strait of Hormuz के लिए 'गंभीर' खतरे का आकलन किया था और जानबूझकर किए जाने वाले हमलों की आशंका जताई थी।
हमले के पीछे कौन है, इसे लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है और हमलावर अज्ञात बताए जा रहे हैं। हालांकि, कुछ सूत्रों ने इसके लिए ईरानी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की ओर इशारा किया है। ईरान के सरकारी टेलीविजन ने खबर दी कि इलाके में सात तेल टैंकरों को नुकसान पहुंचा है या वे समुद्री बारूदी सुरंगों की चपेट में आए हैं। वहीं, IRGC ने दावा किया कि अवैध तेल ट्रांसफर में शामिल चार जहाजों को निशाना बनाया गया, जिससे उनमें आग लग गई।
इलाके में समुद्री असुरक्षा लगातार बढ़ रही है। 16 अक्टूबर 2026 को इसी जलडमरूमध्य में एमटी एसटी 3 नाम के एक अन्य कच्चे तेल के टैंकर पर हमला हुआ था, जिसमें 15 भारतीय नाविक सवार थे, हालांकि उस समय कोई हताहत नहीं हुआ था। इसके अलावा 20 अक्टूबर को इराक के पास भी एक टैंकर पर हमले की खबर आई है।