लंदन की अदालत में अबू धाबी शाही परिवार की सदस्य महराह अल नाहयान ने बच्चे की अनदेखी का दोष स्वीकार किया

लंदन: अबू धाबी शाही परिवार की सदस्य महराह अल नाहयान ने दक्षिणवार्क की रॉयल कोर्ट्स ऑफ जस्टिस में बच्चे की अनदेखी के आरोप में अपना दोष स्वीकार कर लिया है। 32 वर्षीय महराह ने अदालत में माना कि उन्होंने बच्चे की सुरक्षा में लापरवाही बरती थी।
यह मामला पिछले साल जून का है जब पश्चिम लंदन की एक सड़क पर महराह अल नाहयान बेहोश पाई गई थीं। वह सड़क किनारे रेलिंग के सहारे झुकी हुई थीं और उनके पास ही एक व्यक्ति भी बेहोश पड़ा था।
उस समय उनके साथ एक तीन साल का बच्चा था, जो पास की व्यस्त सड़क के किनारे नंगे पैर अपने स्कूटर और खिलौनों के साथ खेल रहा था। वहां मौजूद लोगों ने बच्चे को ट्रैफिक से बचाने के लिए मदद की। एक प्रत्यक्षदर्शी ने महराह को फुटपाथ पर बेहोश लेटे हुए और पास में बच्चे के खिलौने पड़े होने का वीडियो भी बनाया था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन महराह करीब 30 मिनट तक बेहोश रहीं। होश में आने के बाद उनका व्यवहार काफी अजीब था और उन्होंने पुलिस अधिकारियों पर चिल्लाते हुए कहा कि यह कोई कसाईखाना नहीं है, तो उन्हें इतनी चिंता क्यों है।
पुलिस ने तलाशी के दौरान उनके पास से नशीली दवाओं के इस्तेमाल का सामान बरामद किया, हालांकि उस समय कोई ड्रग्स नहीं मिला। अदालत में उनके वकील ने दलील दी कि घटना वाले दिन उन्होंने नशा नहीं किया था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से भारी मात्रा में कोकीन के सेवन के कारण वह बेहद थकान महसूस कर रही थीं।
खबरों के मुताबिक, 250 अरब पाउंड से अधिक की पारिवारिक संपत्ति से जुड़ी महराह जुलाई से एक रिहैबिलिटेशन सेंटर में नशे की लत का इलाज करवा रही हैं। उन्होंने अपनी इस हरकत के लिए गहरा अफसोस जताया है।