भारतीय प्रवासियों के लिए बड़ा झटका, एक और देश ने VISA FREE देना किया बंद
मलेशिया ने भारतीय नागरिकों के लिए वीजा मुक्त प्रवेश सुविधा खत्म करने का फैसला किया है। अब 1 जनवरी 2027 से वीजा अनिवार्य होगा।

कुआलालंपुर: भारतीय प्रवासियों और यात्रियों के लिए एक बड़ा झटका सामने आया है। मलेशिया ने भारतीय नागरिकों को दी जा रही वीजा मुक्त प्रवेश (Visa-Free Entry) की सुविधा को समाप्त करने का निर्णय लिया है। अब भारतीय पासपोर्ट धारकों को मलेशिया जाने के लिए दोबारा वीजा की प्रक्रिया से गुजरना होगा।
मलेशियाई आप्रवासन विभाग (JIM) द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस के मुताबिक, भारतीयों के लिए वीजा मुक्त प्रवेश का कार्यक्रम 31 दिसंबर 2026 को समाप्त हो जाएगा। इसके बाद 1 जनवरी 2027 से सभी भारतीय नागरिकों के लिए मलेशिया में प्रवेश करने से पहले वैध वीजा प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
मलेशिया के गृह मंत्री सैफुद्दीन नसुतिओन इस्माइल ने बताया कि यह नीतिगत बदलाव आगंतुकों की अधिक सख्त स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के लिए किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार अब आने वाले यात्रियों की जांच अधिक बारीकी से करना चाहती है।
बता दें कि पर्यटन और पारिवारिक दौरों के लिए 30 दिनों के प्रवास की यह छूट 1 दिसंबर 2023 को शुरू की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य महामारी के बाद पर्यटन को बढ़ावा देना था। हालांकि, इस सुविधा का दुरुपयोग कर अवैध रूप से रोजगार खोजने वाले लोगों की बढ़ती संख्या के कारण सरकार ने इसे वापस लेने का फैसला किया है।
यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण तारीखों की बात करें तो 1 दिसंबर 2026 से भारतीय नागरिक आधिकारिक 'MyVISA' ऑनलाइन पोर्टल के जरिए वीजा आवेदन करना शुरू कर सकते हैं। 31 दिसंबर 2026 वर्तमान व्यवस्था के तहत प्रवेश का आखिरी दिन होगा और 1 जनवरी 2027 से अनिवार्य वीजा नियम लागू हो जाएगा।
आप्रवासन विभाग ने यह भी साफ किया है कि वीजा प्रोसेसिंग शुल्क किसी भी स्थिति में वापस नहीं किया जाएगा, चाहे आवेदन का परिणाम कुछ भी हो। इसके अलावा, 1 अक्टूबर 2026 से यदि कोई आवेदन सात कार्य दिवसों तक 'न्यू एप्लीकेशन' या 'पेंडिंग पेमेंट' स्टेटस में रहता है, तो वह अपने आप समाप्त हो जाएगा।
इन बदलावों के बावजूद, सभी भारतीय यात्रियों को अपनी यात्रा से तीन दिन पहले ऑनलाइन 'मलेशिया डिजिटल अराइवल कार्ड' (MDAC) जमा करना जारी रखना होगा। इस फैसले के बाद अब भारतीय प्रवासियों के लिए मलेशिया की यात्रा पहले की तुलना में अधिक जटिल हो जाएगी क्योंकि वीजा फ्री एंट्री की सुविधा अब बंद हो रही है।