मक्का में भारी बारिश और ओले गिरने की चेतावनी के बाद रेड अलर्ट जारी, ट्रेनिंग ऑनलाइन होगी और एम्बुलेंस तैनात की गईं

मक्का: सऊदी अरब के मक्का शहर में भारी बारिश, ओले और भीषण तूफानों की आशंका को देखते हुए नेशनल सेंटर फॉर मेटियोरोलॉजी (NCM) ने रेड अलर्ट जारी किया है। यह उच्च स्तरीय चेतावनी आज 20 अक्टूबर 2026 को रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक 19 से 28 अक्टूबर के बीच मौसम खराब रहने का अनुमान है। इस दौरान तेज हवाएं चलेंगी, जिससे विजिबिलिटी कम हो सकती है और अचानक बाढ़ आने का खतरा भी बना हुआ है।
खतरे को देखते हुए मक्का क्षेत्र के जनरल डायरेक्टरेट ऑफ टेक्निकल एंड वोकेशनल ट्रेनिंग ने बड़ा फैसला लिया है। मक्का, मैसन और अधम स्थित केंद्रों में आज दोपहर 12 बजे से सारी ट्रेनिंग ऑनलाइन ब्लैकबोर्ड प्लेटफॉर्म के जरिए होगी।
सऊदी सिविल डिफेंस ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे घाटियों और बाढ़ संभावित इलाकों से दूर रहें और सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सऊदी रेड क्रीसेंट अथॉरिटी ने मक्का क्षेत्र में 166 एम्बुलेंस टीमें तैनात की हैं। इनमें से 60 टीमों को अकेले मक्का शहर में तैनात किया गया है।
सऊदी प्रेस एजेंसी के अनुसार मक्का के अलावा जज़ान, असीर और अल-बहा क्षेत्रों में भी मध्यम से भारी बारिश, ओले और तेज हवाएं चलने की संभावना है।