सऊदी अरब के जाज़ान और नज़रान एयरपोर्ट पर मिसाइल और ड्रोन हमला, 3 घायल

सऊदी अरब के दक्षिणी हिस्से में स्थित दो प्रमुख हवाई अड्डों पर सोमवार शाम को अचानक मिसाइल और ड्रोन हमलों का सिलसिला शुरू हो गया। इन हमलों के कारण जाज़ान के किंग अब्दुल्ला बिन अब्दुलअज़ीज़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नज़रान इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भारी अफरा-तफरी मच गई। सऊदी जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन (GACA) ने पुष्टि की है कि इस हमले में तीन लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं और हवाई अड्डों की संपत्तियों को काफी नुकसान पहुँचा है।
घटना के तुरंत बाद आपातकालीन टीमों को मौके पर तैनात किया गया और घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इस हमले की जिम्मेदारी यमन के हूती विद्रोहियों ने ली है। हूती समूह का दावा है कि उन्होंने इन संवेदनशील स्थलों को निशाना बनाया है। इतना ही नहीं, विद्रोहियों ने रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अब्हा एयरपोर्ट और राबिघ में स्थित एक अरामको तेल रिफाइनरी को भी निशाना बनाने का दावा किया है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर, हूती हमलों में तेजी
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच तनाव चरम पर है। सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने पिछले कुछ दिनों में कई बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन्स को हवा में ही नाकाम करने की बात कही है। सऊदी सरकार ने नागरिक और आर्थिक ठिकानों पर हुए इन हमलों की कड़ी निंदा की है और इसे सैन्य तनाव बढ़ाने वाला कदम बताया है।
सऊदी विमानन प्राधिकरण ने कहा कि वे राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर नुकसान का आकलन कर रहे हैं। यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हवाई अड्डों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। यह पूरी घटना उस समय हुई जब सऊदी समर्थित यमनी सेना इलाके में अपना नियंत्रण वापस पाने के लिए अभियान चला रही है।