भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में वापसी पर मोहित शर्मा गदगद, बुमराह को बताया भारतीय टीम की 'लक्जरी'

भारतीय क्रिकेट टीम में भुवनेश्वर कुमार की लंबे समय बाद वापसी ने खेल जगत में हलचल मचा दी है। करीब चार साल के लंबे इंतजार के बाद 'स्विंग किंग' की वापसी हुई है, जिसे पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज मोहित शर्मा ने कड़ी मेहनत और अनुशासन की जीत बताया है। मोहित शर्मा का मानना है कि भुवनेश्वर ने यह साबित कर दिया कि अगर आप अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदार हैं, तो सफलता देर-सवेर जरूर मिलती है।
भुवनेश्वर कुमार ने 2022 टी20 वर्ल्ड कप के बाद से राष्ट्रीय टीम के लिए नहीं खेला था, लेकिन अब उन्हें 22 अक्टूबर से न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली पांच टी20 मैचों की सीरीज के लिए चुना गया है। मोहित शर्मा ने कहा कि जब युवा गेंदबाज उभर रहे थे और चोटों ने परेशान किया, तब भी भुवनेश्वर ने हार नहीं मानी। उन्होंने घरेलू क्रिकेट, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और यूपी टी20 लीग में लगातार अपना प्रदर्शन जारी रखा, जिसका नतीजा आज उनके सामने है।
युवा खिलाड़ियों के लिए मिसाल हैं भुवी
मोहित शर्मा ने युवाओं को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें भुवनेश्वर से सीखना चाहिए कि जीवन में निरंतरता (consistency) कितनी जरूरी है। उन्होंने कहा, "जब चीजें आपके पक्ष में नहीं होतीं, तो अक्सर लोग कोशिश करना छोड़ देते हैं, लेकिन भुवी ने ऐसा नहीं किया। उन्होंने खुद से एक ऐसा समझौता किया जिसमें 100 प्रतिशत मेहनत करना अनिवार्य था। मैंने उन्हें व्यक्तिगत रूप से करीब से देखा है और वह कभी भी अभ्यास से पीछे नहीं हटे।"
भुवनेश्वर का हालिया फॉर्म भी शानदार रहा है। आईपीएल में आरसीबी के लिए खेलते हुए उन्होंने 2025 और 2026 में टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस सीजन में वह 28 विकेट लेकर दूसरे सबसे सफल गेंदबाज रहे। मोहित को पूरा भरोसा है कि भुवनेश्वर न केवल खेलेंगे, बल्कि टीम के लिए मैच विनर साबित होंगे क्योंकि उन्होंने क्रिकेट से कभी दूरी नहीं बनाई।
वहीं, जसप्रीत बुमराह के बारे में बात करते हुए मोहित शर्मा ने उन्हें भारतीय क्रिकेट की 'लक्जरी' करार दिया। 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी और बुमराह के सीमित खेल समय पर चर्चा करते हुए मोहित ने कहा कि बुमराह जैसे गेंदबाज को हर मैच में खिलाना जरूरी नहीं है। उन्होंने एक दिलचस्प उदाहरण देते हुए कहा, "जब आपके पास कोई लग्जरी कपड़ा होता है, तो आप उसे रोज नहीं पहनते ताकि वह खराब न हो। बुमराह के साथ भी ऐसा ही है।"
मोहित ने जोर देकर कहा कि बुमराह के शरीर और फिटनेस की पूरी जानकारी उनके फिजियो और ट्रेनर्स को है, इसलिए उन्हें उसी तरह खिलाया जाना चाहिए जैसा उनके लिए सही हो, न कि इस बात पर चर्चा होनी चाहिए कि उन्होंने कौन सी सीरीज मिस की।