अरब दुनिया के सबसे महंगे शहरों की सूची जारी, दुबई पहले और अबू धाबी दूसरे नंबर पर रहा
Numbeo के 2026 इंडेक्स के मुताबिक दुबई अरब जगत का सबसे महंगा शहर बना। जानें अन्य शहरों की रैंकिंग और खर्च।

दुबई: अरब जगत में रहने वाले प्रवासियों के लिए दुबई सबसे महंगा शहर बनकर उभरा है। Numbeo द्वारा जारी 2026 के मिड-ईयर कॉस्ट ऑफ लिविंग इंडेक्स में दुबई को पहले स्थान पर रखा गया है।
इस इंडेक्स में जरूरी सामान, ट्रांसपोर्ट, रेस्टोरेंट और यूटिलिटीज जैसे खर्चों का आकलन किया गया है। दुबई 61.8 पॉइंट्स के साथ टॉप पर है, जबकि अबू धाबी 54.1 पॉइंट्स के साथ दूसरे और कतर की राजधानी दोहा 49.7 पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर है।
सूची में आगे सऊदी अरब का अल खोबर 48.5 पॉइंट्स के साथ चौथे और बहरीन का मनामा 48.3 पॉइंट्स के साथ पांचवें स्थान पर है। लेबनान का बेरूत 48.0, कुवैत सिटी 46.0, सऊदी अरब का रियाद 45.4, जेद्दा 44.5 और ओमान का मस्कट 44.3 पॉइंट्स के साथ दस शहरों की इस सूची में शामिल हैं।
Numbeo ने बताया कि इस इंडेक्स की गणना में मकान का किराया शामिल नहीं किया गया है। यह संस्था वैश्विक स्तर पर खर्चों की तुलना करने के लिए न्यूयॉर्क शहर को बेंचमार्क मानती है।
किराये के अलावा प्रवासियों के लिए अन्य खर्चे भी अहम होते हैं। सऊदी अरब में वेतन टैक्स फ्री है, लेकिन ज्यादातर सामानों पर 15 प्रतिशत वैट (VAT) लगता है। वहां अंतरराष्ट्रीय स्कूलों की फीस एक बच्चे के लिए सालाना 25,000 से 80,000 सऊदी रियाल के बीच है।
रियाद में रिहायशी और कमर्शियल किराये को लेकर 25 सितंबर 2025 को एक शाही आदेश जारी किया गया था। इस आदेश के तहत किराये पर पांच साल का फ्रीज लगाया गया है, जो साल 2030 तक लागू रहेगा।