बांग्लादेशी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ने बनाए 7000 टेस्ट रन, रचा नया इतिहास
बांग्लादेश के दिग्गज बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट मैच में 7000 रनों का ऐतिहासिक आंकड़ा पार किया।

सिलहट (बांग्लादेश): बांग्लादेश के अनुभवी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ने टेस्ट क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। वह अपने देश के पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 7,000 रनों का आंकड़ा पार किया है। यह मुकाम उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ सिलहट में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के आखिरी दिन हासिल किया।
क्रिकइन्फो के मुताबिक, लंच के बाद जब मुशफिकुर ने वेस्टइंडीज के स्पिनर रोस्टन चेज के एक गेंद पर सिंगल लिया और अपने स्कोर को 9 रन तक पहुंचाया, तब उन्होंने यह उपलब्धि पाई। शुरुआत में वह इस रिकॉर्ड से अनजान दिखे, लेकिन ड्रेसिंग रूम में जब उनके साथी खिलाड़ी खड़े होकर तालियां बजाने लगे, तब उन्हें अपनी इस उपलब्धि का एहसास हुआ।
39 वर्षीय मुशफिकुर रहीम उंगली की चोट के कारण सीरीज का पहला टेस्ट नहीं खेल पाए थे। दूसरे मैच में वापसी करते ही उन्होंने अपने करियर में एक और मील का पत्थर जोड़ लिया। इससे पहले वह 2022 और 2024 में 5,000 और 6,000 टेस्ट रन बनाने वाले भी बांग्लादेश के पहले बल्लेबाज बन चुके थे।
बांग्लादेश के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में मोमिनुल हक 5,293 रनों के साथ दूसरे और पूर्व बल्लेबाज तमीम इकबाल तीसरे स्थान पर हैं। मुशफिकुर के नाम टेस्ट क्रिकेट में 14 शतक हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 219 नाबाद रहा है। वहीं मोमिनुल और तमीम के नाम क्रमशः 13 और 10 शतक दर्ज हैं।
मुशफिकुर का टेस्ट में व्यक्तिगत उच्चतम स्कोर का रिकॉर्ड इसी सिलहट टेस्ट के दौरान टूटा, जब तौहीद हृदय ने नाबाद 242 रन बनाए। 2005 में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले मुशफिकुर बांग्लादेश के सबसे अनुभवी टेस्ट क्रिकेटर हैं। वह वर्तमान में अपना 107वां टेस्ट खेल रहे हैं और नवंबर 2025 में वह देश के पहले खिलाड़ी बने थे जिन्होंने 100 टेस्ट मैच खेले।
अपने करियर की शुरुआत उन्होंने लोअर-मिडल ऑर्डर बल्लेबाज और विकेटकीपर के तौर पर की थी और अपने पहले 1,000 रन बनाने में उन्हें 20 टेस्ट लगे थे। 2011 में टीम की कप्तानी मिलने के बाद बल्लेबाजी में उनका योगदान बढ़ा। उन्होंने 6,000 से 7,000 रनों तक पहुंचने के लिए केवल 25 पारियां लीं, जो उनकी निरंतरता को दर्शाता है।
टेस्ट के अलावा मुशफिकुर ने वनडे अंतरराष्ट्रीय में 6,697 और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 1,495 रन बनाए हैं। क्रिकइन्फो के अनुसार, वह दोनों सीमित ओवरों के प्रारूपों से संन्यास ले चुके हैं।