सऊदी अरब पर हूती हमलों के खिलाफ छह देश आए आगे, की कड़ी निंदा
छह देशों, GCC और मुस्लिम वर्ल्ड लीग ने सऊदी अरब पर हूती हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया है।

रियाद: सऊदी अरब पर हूती मिलिशिया द्वारा किए जा रहे लगातार हमलों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आक्रोश देखा जा रहा है। छह देशों के साथ-साथ गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल (GCC) और मुस्लिम वर्ल्ड लीग (MWL) ने इन हमलों की कड़ी निंदा की है। ये देश सीरिया, कुवैत और बहरीन के साथ मिलकर सऊदी अरब की संप्रभुता और सुरक्षा के प्रति अपना समर्थन जता रहे हैं।
यूएई के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को सऊदी अरब के विभिन्न क्षेत्रों को निशाना बनाने की हूती कोशिशों की निंदा की। मंत्रालय ने इन कार्रवाइयों को सऊदी अरब की संप्रभुता का खुला उल्लंघन और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए खतरा बताया है।
मिस्र के विदेश मंत्रालय ने रियाद की ओर दागे गए दो बैलिस्टिक मिसाइलों के हमले की निंदा की है। मिस्र ने इस बढ़ते तनाव को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन और नागरिकों के लिए सीधा खतरा करार दिया है।
कतर के विदेश मंत्रालय ने कहा कि रियाद और अन्य इलाकों को निशाना बनाना एक आक्रामक व्यवहार है, जो नागरिकों की सुरक्षा की अनदेखी करता है। कतर ने यह भी दोहराया कि सऊदी अरब की सुरक्षा GCC के हितों से जुड़ी हुई है।
यमन के विदेश और प्रवासियों मंत्रालय ने ईरान समर्थित मिलिशिया द्वारा रियाद, पूर्वी प्रांत और दक्षिणी सऊदी अरब पर बैलिस्टिक व क्रूज मिसाइल दागने की निंदा की है। मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से दोषियों को जवाबदेह ठहराने की अपील की है।
लेबनान के विदेश और प्रवासियों मंत्रालय ने महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया। वहीं, जॉर्डन के विदेश मंत्रालय ने रियाद की ओर दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों और सऊदी अरामको सुविधा पर हमले की कोशिश का जिक्र किया। जॉर्डन ने कहा कि ये कार्य संयुक्त राष्ट्र चार्टर और सऊदी संप्रभुता का उल्लंघन हैं।
GCC के महासचिव जासेम मोहम्मद अलबुदईवी ने रियाद और अन्य स्थानों पर हुए इन हमलों को कायरतापूर्ण आतंकवादी कृत्य बताया है। उन्होंने आगे के हमलों को रोकने के लिए निर्णायक अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप की मांग की है। मुस्लिम वर्ल्ड लीग (MWL) ने भी मिलिशिया की इन कार्रवाइयों की निंदा की है।