नेपाल: संवेदनशील सूचना लीक करने के आरोप में सशस्त्र पुलिस के AIG वंशी राज दाहाल निलंबित

नेपाल सरकार ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सशस्त्र पुलिस बल के असिस्टेंट इंस्पेक्टर जनरल (AIG) वंशी राज दाहाल को निलंबित कर दिया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने सुरक्षा से जुड़ी बेहद संवेदनशील और गोपनीय जानकारियों को लीक किया, जो उनके पद की गरिमा और सरकारी नियमों के सख्त खिलाफ था।
गृह मंत्रालय के प्रवक्ता आनन्द काफ्ले ने सोमवार देर रात एक आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर इस निलंबन की पुष्टि की। विज्ञप्ति के अनुसार, वंशी राज दाहाल ने उन आचरण नियमों का उल्लंघन किया है, जिनका पालन करना हर सरकारी और पुलिस कर्मचारी के लिए अनिवार्य होता है। सशस्त्र पुलिस बल ने ही दाहाल की इस संदिग्ध गतिविधि और सुरक्षा संबंधी सूचनाओं को बाहर भेजने की शिकायत गृह मंत्रालय से की थी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की सिफारिश की थी।
जांच के लिए अधिकारी नियुक्त
मामले की गंभीरता को देखते हुए गृह मंत्रालय ने केवल निलंबन तक ही सीमित नहीं रखा है, बल्कि पूरे मामले की तह तक जाने के लिए एक जांच अधिकारी की नियुक्ति भी की है। इस अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वह अगले तीन दिनों के भीतर मामले की गहन जांच पूरी करे और अपनी विस्तृत रिपोर्ट गृह मंत्रालय को सौंपे। अब इस रिपोर्ट के आधार पर ही तय होगा कि दाहाल के खिलाफ आगे क्या कानूनी या विभागीय कदम उठाए जाएंगे।