एवरेस्ट रूट पर फेरिचे हेलीपैड में दो हेलीकॉप्टर टकराए, भारतीय यात्री की मौत
नेपाल के फेरिचे हेलीपैड पर दो हेलीकॉप्टरों के बीच टक्कर हुई, जिसमें एक भारतीय नागरिक की जान चली गई और कई लोग घायल हुए हैं।

सोलुखुम्बु (नेपाल): माउंट एवरेस्ट बेस कैंप के रास्ते पर स्थित फेरिचे हेलीपैड पर मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टरों की आपस में टक्कर हो गई, जिसमें एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और कुछ अन्य लोग घायल हो गए।
यह हादसा 3 नवंबर 2026 की सुबह करीब 8:11 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी के हेलीकॉप्टर जब लैंड करने की प्रक्रिया में थे, तभी उनके रोटर्स एक-दूसरे से टकरा गए।
इस भीषण टक्कर में फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार 47 वर्षीय भारतीय नागरिक वसंत कुमार बालरामरमाडु की जान चली गई। वहीं, भारतीय मूल के न्यूजीलैंड नागरिक शैलेश कृष्णा पटेल इस हादसे में घायल हुए हैं।
हादसे के दौरान दोनों विमानों के पायलट भी चोटिल हुए। फिशटेल एयर के कैप्टन प्रज्वल केसी और एयर डायनेस्टी के कैप्टन रवींद्र प्रजापति को मामूली चोटें आई हैं।
दुर्घटना के तुरंत बाद घायलों को बचाने के लिए प्रभु हेलीकॉप्टर की मदद ली गई। सभी घायलों को इलाज के लिए काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया है।
सोलुखुम्बु जिला पुलिस सहित संबंधित अधिकारियों ने इस टक्कर के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों विमानों के लैंडिंग के समय आपस में टकराने का मंजर देखा जा सकता है।