नेपाल के सोलुखुम्बु में दो हेलीकॉप्टर हवा में टकराए, एक भारतीय पर्यटक की मौत
नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में दो हेलीकॉप्टरों की हवा में टक्कर हो गई, जिसमें एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई और तीन लोग घायल हुए हैं।

काठमांडू (नेपाल): नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में मंगलवार सुबह दो हेलीकॉप्टरों की हवा में टक्कर हो गई। इस हादसे में एक भारतीय पर्यटक की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए हैं।
हादसे का समय सुबह करीब 8:11 बजे का बताया जा रहा है। यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब एयर डायनेस्टी और फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर खुम्बु पासांग ल्हामु ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड 4 स्थित फेरिशे में लैंड करने की कोशिश कर रहे थे।
इंस्पेक्टर मौसम तमांग के मुताबिक, मृतक की पहचान वसंत कुमार बालारामरामडू के रूप में हुई है, जो भारतीय नागरिक थे और फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार थे। उनके शव को लुक्ला के एक चिकित्सा केंद्र में भेज दिया गया है।
उसी विमान में सवार भारतीय मूल के न्यूजीलैंड नागरिक शैलेश कृष्णा पटेल भी घायल हुए हैं। उन्हें प्रभु एयर के हेलीकॉप्टर के जरिए काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलटों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए काठमांडू भेजा गया है।
जिला पुलिस कार्यालय ने बताया कि टक्कर के समय दोनों हेलीकॉप्टरों में कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जानकारी जुटाई जा रही है।
इस बीच हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे दोनों विमान खतरनाक तरीके से एक-दूसरे के करीब आए और फिर उनके रोटर ब्लेड्स आपस में टकरा गए।