नेपाल में 37 घंटे बाद जंगल से सुरक्षित बरामद हुई अपहृत बच्ची, आरोपी गिरफ्तार

नेपाल के रुपन्देही जिले से एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। यहां तिलोत्तमा इलाके से रहस्यमय तरीके से गायब हुई 10 साल की एक मासूम बच्ची को पुलिस ने करीब 37 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जंगल से सुरक्षित बरामद कर लिया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने एक स्थानीय युवक को भी गिरफ्तार कर लिया है, जिस पर अपहरण का गंभीर आरोप है। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ था और हर कोई बच्ची की सलामती की दुआ मांग रहा था.
ऐसे खुला अपहरण का राज
घटना की शुरुआत तब हुई जब बच्ची रात के समय अपने घर में सो रही थी। अहले सुबह जब परिवार के सदस्यों की नींद खुली, तो उन्होंने बच्ची को बिस्तर से गायब पाया। परिवार ने तुरंत आसपास तलाश शुरू की और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। मामला गंभीर होते देख पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। लगभग 150 से ज्यादा पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से जंगलों और खेतों में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया गया। आखिरकार, लगातार तलाश के बाद बच्ची तिलोत्तमा के एक जंगल से अकेली और डरी हुई हालत में मिल गई, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध युवक को भी धर दबोचा और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है.