भारतीय सीमा की ओर जा रहे ट्रक से नेपाल पुलिस ने जब्त किया 2566 किलो गांजा

नेपाल से भारत में नशे के सामान की तस्करी करने वाले गिरोहों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी मिली है। नेपाल की सुनसरी जिला पुलिस ने एक बड़े अभियान के तहत भारतीय सीमा की ओर जा रहे एक ट्रक को पकड़ा है, जिसमें भारी मात्रा में गांजा लदा हुआ था। पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए करीब 2,566 किलो 560 ग्राम गांजा जब्त किया है।
यह पूरी घटना इनरुवा उप-महानगरपालिका-3 के सखुवागाछी चौक की है। पुलिस को खबर मिली थी कि एक संदिग्ध ट्रक पूर्व से पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। सखुवागाछी अस्थायी पुलिस चौकी और इटहरी ट्रैफिक पुलिस की एक संयुक्त टीम ने आधी रात करीब 11:50 बजे इस ट्रक को रोका। जब पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली, तो उनके होश उड़ गए। ट्रक के अंदर कुल 83 सीलबंद बोरियां रखी थीं, जिनमें गांजा भरा हुआ था।
तस्करों के संगठित गिरोह पर पुलिस की नजर
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक और उसमें मौजूद नशे की खेप को अपने कब्जे में ले लिया। इस मामले में पुलिस ने ट्रक के चालक और सह-चालक को भी गिरफ्तार किया है। शुरुआती पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने यह स्वीकार किया है कि वे इस भारी मात्रा में गांजे को भारतीय सीमा क्षेत्र तक पहुंचाने की फिराक में थे।
बताया जा रहा है कि भारत-नेपाल सीमा के दोनों ओर गांजा तस्करी के लिए कई संगठित गिरोह सक्रिय हैं, जो लगातार इस तरह के अवैध कारोबार में जुटे रहते हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस खेप को कहां से लाया गया था और भारत में इसके असली खरीदार कौन थे।