इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने पीएम मोदी और जांबाज पायलट स्मित मछार को स्वतंत्रता दिवस पर मशाल जलाने के लिए बुलाया
इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने पीएम मोदी और पायलट स्मित मछार को स्वतंत्रता दिवस पर मशाल जलाने के लिए आमंत्रित किया है।

तेल अवीव: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की है। इस बातचीत के दौरान नेतन्याहू ने पीएम मोदी को इजरायल के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 'बहादुर भारतीय पायलट' कैप्टन स्मित मछार के साथ मशाल जलाने के लिए आमंत्रित किया है।
दोनों नेताओं ने फोन पर भारत और इजरायल के बीच द्विपक्षीय संबंधों की मजबूती पर चर्चा की और साझेदारी को और आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि उन्होंने और नेतन्याहू ने पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रमों पर विचार साझा किए और क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने की जरूरत पर जोर दिया।
नेतन्याहू ने X पर लिखा कि उन्होंने अपने मित्र पीएम मोदी को स्वतंत्रता दिवस पर मशाल जलाने के लिए बुलाया है। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने इस निमंत्रण के लिए आभार जताया और कहा कि भारत और इजरायल जमीन और आसमान दोनों जगह आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ रहे हैं।
कैप्टन स्मित मछार ने 30 सितंबर को तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में अपनी जान जोखिम में डालकर बड़ा हादसा टाला था। उस दौरान ओमान के एक को-पायलट ने विमान का नियंत्रण लेने की कोशिश की थी, जिससे रोकने के लिए कैप्टन मछार ने उससे शारीरिक मुकाबला किया और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इससे अन्य चालक दल के सदस्यों और यात्रियों को अंदर आने और हमलावर को काबू करने में मदद मिली। विमान में 170 से ज्यादा यात्री सवार थे।
इस घटना के बाद 3 अक्टूबर को नेतन्याहू ने कैप्टन मछार से फोन पर बात की थी और उन्हें भारत, इजरायल और पूरी दुनिया का 'असली हीरो' बताया था। नेतन्याहू ने कहा था कि यह सम्मान आमतौर पर केवल इजरायल के नागरिकों के लिए होता है, लेकिन इस मामले में इजरायल के सभी नागरिक उन्हें अपनाएंगे।
इजरायली प्रधानमंत्री ने पायलट के साहस और मुश्किल हालात में उनके सूझबूझ की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल यात्रियों की जान बचाई, बल्कि दुनिया को यह दिखाया कि बहादुरी से बुराई को हराया जा सकता है। उन्होंने कैप्टन मछार के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और उनके इजरायल दौरे को ऐतिहासिक बताया।