गाजा की 12 साल की निसरीन स्काइक डिजिटल क्रिएटर अवार्ड्स 2026 की ग्लोबल जूनियर कैटेगरी में बनीं टॉप फाइनलिस्ट
गाजा की 12 वर्षीय निसरीन स्काइक को डिजिटल क्रिएटर अवार्ड्स 2026 के जूनियर कैटेगरी में टॉप 8 फाइनलिस्ट में चुना गया है।

गाजा: युद्ध की मार झेल रहे गाजा की 12 वर्षीय बच्ची निसरीन स्काइकाइ को डिजिटल क्रिएटर अवार्ड्स 2026 की जूनियर कैटेगरी में दुनिया के टॉप आठ कंटेंट क्रिएटर्स की लिस्ट में शामिल किया गया है। निसरीन ने इस प्रतियोगिता में फाइनलिस्ट के तौर पर जगह बनाई है।
अल जजीरा इंग्लिश को दिए एक इंटरव्यू में निसरीन ने बताया कि वह संघर्ष के बीच परिवारों और बच्चों की रोजमर्रा की मुश्किलों को दुनिया के सामने ला रही हैं। उन्होंने कहा कि गाजा के बच्चों की आवाज दुनिया तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी थी।
निसरीन अपने अनुभव साझा करने के लिए इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करती हैं। उन्होंने अपनी स्थिति का वर्णन करते हुए कहा कि वह लगातार एक मौत से दूसरी मौत की ओर भाग रही हैं।
काम के दौरान उन्हें कई बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि उन्हें भयंकर भूख से जूझना पड़ता है और वीडियो अपलोड करने के लिए इंटरनेट कनेक्शन और फोन चार्ज करने के लिए बिजली जुटाना बहुत मुश्किल होता है।
युद्ध के खतरों के बावजूद निसरीन अपने भविष्य को लेकर उत्साहित हैं। वह बड़ी होकर डेंटिस्ट बनना चाहती हैं और गाजा में अपना एक क्लिनिक खोलकर लोगों की सेवा करना चाहती हैं।
डिजिटल क्रिएटर अवार्ड्स 2026 का फाइनल समारोह 12 दिसंबर 2026 को कतर के दोहा शहर में आयोजित किया जाएगा। निसरीन को यह पहचान उनके द्वारा मुश्किल हालातों में की गई स्टोरीटेलिंग के लिए मिली है।