Oman Coast Attack: ओमान तट के पास मिसाइल हमले में भारतीय नाविक की मौत, 19 सुरक्षित बचाए गए

ओमान के तट के पास एक कमर्शियल जहाज पर हुए खतरनाक मिसाइल हमले में भारत के एक युवा नाविक की दर्दनाक मौत हो गई। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है और पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। इस दुखद हादसे के बाद गल्फ देशों में काम करने वाले और समुद्र के रास्ते सफर करने वाले भारतीयों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हमला एंटीगुआ और बारबुडा के झंडे वाले बल्क कैरियर जहाज M.V. CAPE DAO पर हुआ, जो ओमान के तट के पास समुद्र में सफर कर रहा था। हमले के वक्त इस जहाज पर कुल 20 भारतीय नाविक सवार थे। जान गंवाने वाले नाविक की पहचान उत्तर प्रदेश के रहने वाले वाइपर सूरज यादव के रूप में हुई है, जिनकी सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौत हो गई।
रॉयल नेवी ऑफ ओमान ने बचाई जान
केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि हमले के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया था। रॉयल नेवी ऑफ ओमान ने तत्परता दिखाते हुए जहाज पर मौजूद बाकी सभी सुरक्षित बचे हुए 19 भारतीय नागरिकों को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया और उन्हें सुरक्षित रूप से समुद्र तट पर पहुंचा दिया गया है। भारत सरकार लगातार ओमान के स्थानीय अधिकारियों और जहाज की प्रबंधन कंपनी के संपर्क में है ताकि सभी जीवित बचे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित उनकेतन स्वदेश वापस लाया जा सके।
भारत सरकार की कड़ी प्रतिक्रिया
विदेश मंत्रालय (MEA) की तरफ से इस पूरे मामले पर बयान जारी कर ओमान तट के पास कमर्शियल शिपिंग पर हो रहे हमलों की कड़ी निंदा की गई है। मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में इस तरह के लगातार हमले बेहद चिंता का विषय हैं। सरकार ने यह भी आश्वासन दिया है कि दिवंगत नाविक सूरज यादव के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ भारत वापस लाया जाएगा और उनके परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।