यूएई से 42 रन से हारा ओमान, फिर भी नेट रन रेट के दम पर ग्लोबल क्वालीफायर में पहुंचा
यूएई से हार के बावजूद ओमान ने नेट रन रेट के दम पर 2027 वनडे वर्ल्ड कप ग्लोबल क्वालीफायर में जगह बनाई है।

दुबई (यूएई): ओमान ने आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग 2 प्रतियोगिता के आखिरी मैच में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से 42 रनों की हार झेलने के बाद भी 2027 पुरुष वनडे वर्ल्ड कप क्वालीफायर में अपनी जगह पक्की कर ली है।
ओमान 33 अंकों के साथ नामीबिया के बराबर रहा, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के आधार पर वह सीधे 10 टीमों वाले ग्लोबल क्वालीफायर में पहुंच गया है। वहीं, 2027 वर्ल्ड कप के सह-मेजबानों में से एक नामीबिया को अपनी उम्मीदें जिंदा रखने के लिए अब क्वालीफायर प्लेऑफ खेलना होगा।
मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएई ने 8 विकेट पर 226 रन बनाए। कप्तान राहुल चोपड़ा और अदीब उस्मानी ने 47-47 रनों का योगदान दिया, जबकि बासिल हमीद ने 43 रन जोड़े। ओमान की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर शकील अहमद सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 42 रन देकर 3 विकेट लिए।
227 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओमान की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और वह जल्द ही 28 रन पर 3 विकेट गंवा बैठी। ओमान की टीम इस शुरुआती झटके से उबर नहीं पाई और 9 विकेट पर 184 रन ही बना सकी। ओमान की तरफ से मुजीबुर अली ने सबसे ज्यादा 65 रन बनाए।
ओमान ने अपने लीग 2 अभियान के आखिरी सात मैच हारे, लेकिन इसके बावजूद उसने क्वालीफिकेशन हासिल कर लिया। ओमान के साथ अमेरिका, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड वे चार टीमें हैं जिन्होंने इस प्रतियोगिता के जरिए ग्लोबल क्वालीफायर में सीधी एंट्री पाई है।
अब नामीबिया, कनाडा, नेपाल और यूएई के साथ जर्सी, कुवैत, इटली और युगांडा आठ टीमों वाले क्वालीफायर प्लेऑफ में हिस्सा लेंगे। इस प्लेऑफ से चार टीमें ग्लोबल क्वालीफायर में जगह बनाएंगी। इसके बाद 10 टीमों वाला ग्लोबल क्वालीफायर 2027 वर्ल्ड कप के अंतिम चार स्थानों का फैसला करेगा।
ग्लोबल क्वालीफायर जीतने वाली टीम सीधे वर्ल्ड कप ग्रुप स्टेज में जाएगी, जबकि दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें नए सुपर सीरीज का हिस्सा बनेंगी। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में 2027 पुरुष वनडे वर्ल्ड कप 2 अक्टूबर से 21 नवंबर तक खेला जाएगा, जिसमें 12 वेन्यू पर 14 टीमें कुल 57 मैच खेलेंगी।