ऑपरेशन डॉन ऑफ यमन में यमन सेना को बड़ी कामयाबी, 440 हूती लड़ाके ढेर और कई ठिकाने तबाह
यमन सेना ने ऑपरेशन डॉन ऑफ यमन के तहत 440 हूती लड़ाकों को ढेर किया और कई रणनीतिक ठिकानों पर कब्जा किया।

यमन: यमन की सेना ने ऑपरेशन डॉन ऑफ यमन के तहत एक बड़े सैन्य अभियान में हूती विद्रोहियों को भारी नुकसान पहुंचाया है। सेना ने पिछले कुछ घंटों के दौरान कुल 1,382 टारगेट ऑपरेशन्स चलाए, जिनमें हूती मिलिशिया के करीब 440 नेताओं और लड़ाकों को ढेर कर दिया गया।
इस सैन्य कार्रवाई में सेना ने हूती विद्रोहियों के 146 वाहनों, युद्ध उपकरणों और भारी हथियारों को या तो पूरी तरह नष्ट कर दिया या उन्हें बेकार कर दिया। इस ऑपरेशन में मुख्य रूप से हूती कमांड सेंटरों, उनकी सुरक्षा चौकियों, हथियारों के गोदामों और उनकी मदद के लिए आ रही सैन्य टुकड़ियों को निशाना बनाया गया।
तैज गवर्नर क्षेत्र में सेना ने जमीन पर नई प्रगति की है और कई रणनीतिक ठिकानों पर अपना नियंत्रण मजबूत कर लिया है। इस दौरान हूती विद्रोहियों ने खोए हुए इलाकों को दोबारा पाने की कोशिश की, लेकिन सेना ने उनके इन प्रयासों को नाकाम कर दिया।
इसके अलावा, सेना ने बाब अल-मंदाब, धुबाब और अल-मुदरबाह में हूती विद्रोहियों द्वारा घुसपैठ की कोशिशों को भी नाकाम किया। उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी मोर्चों के साथ-साथ सना के पूर्वी इलाकों में भी आक्रामक सैन्य अभियान चलाए गए।
इन सभी कार्रवाइयों के बाद अब हूती मिलिशिया के लिए अलग-अलग मोर्चों के बीच अपनी सेना और अतिरिक्त बलों को भेजने की क्षमता काफी कम हो गई है।