सऊदी अरब के मदीना और मक्का में फंसे 4000 भारतीय उमराह यात्रियों को जल्द वापस लाने की ओवैसी ने की मांग
असदुद्दीन ओवैसी ने केंद्र सरकार से सऊदी अरब के मदीना, जेद्दा और मक्का में फंसे 4000 भारतीय उमराह यात्रियों को वापस लाने की अपील की है।

नई दिल्ली: एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने केंद्र सरकार से सऊदी अरब के मदीना, जेद्दा और मक्का में फंसे करीब 4000 भारतीय उमराह यात्रियों को वापस लाने के लिए हस्तक्षेप करने की अपील की है। ओवैसी के मुताबिक ये यात्री पिछले दो से तीन हफ्तों से वहां फंसे हुए हैं और उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
ओवैसी ने बताया कि इन यात्रियों को उनके ट्रैवल एजेंटों ने उनके हाल पर छोड़ दिया है, जिससे वे गंभीर संकट में हैं। उन्होंने कहा कि ये सभी 4000 यात्री इंडिगो, अकासा एयर और एयर इंडिया के जरिए वहां गए थे। अब वे वहां फंसे हुए हैं और उनके पास मदद का कोई जरिया नहीं बचा है।
उन्होंने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) से मांग की है कि वह इंडिगो, अकासा एयर और एयर इंडिया को जेद्दा के लिए बड़े विमान चलाने की अनुमति तुरंत दे। ओवैसी के अनुसार, यदि DGCA इन एयरलाइंस को A321 जैसे बड़े विमान तैनात करने की अनुमति देता है, तो इन यात्रियों को जल्द वापस लाया जा सकता है।
ओवैसी ने कहा कि कुछ यात्रियों को जेद्दा जैसी जगहों पर ठहराया गया है, लेकिन कुल मिलाकर स्थिति बहुत चिंताजनक है। उन्होंने अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू, विदेश मंत्री एस जयशंकर और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से इस मामले में तुरंत दखल देने और सहायता प्रदान करने की अपील की है।
उन्होंने यह भी मांग की कि अगर DGCA एयरलाइंस को अनुमति नहीं देता है, तो भारत सरकार खुद विशेष विमान भेजकर इन यात्रियों को घर लाए। ओवैसी ने बताया कि ये यात्री आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि से आते हैं, इसलिए उनके पास सऊदी एयरलाइंस की महंगी टिकटें खरीदने के पैसे नहीं हैं।