पाकिस्तान के बलूचिस्तान में आया 5.8 तीव्रता का भूकंप, जमीन के काफी अंदर था केंद्र

इस्लामाबाद (पाकिस्तान): पाकिस्तान के बलूचिस्तान इलाके में शनिवार को 5.8 तीव्रता का भूकंप आया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) ने इस भूकंप की जानकारी साझा की है।
एनसीएस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि यह भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजकर 37 मिनट पर महसूस किया गया। इस भूकंप का केंद्र जमीन से महज 15 किलोमीटर की गहराई पर था।
इससे पहले जून महीने में भी पाकिस्तान में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। उस समय भूकंप की तीव्रता 5.3 मापी गई थी और उसका केंद्र जमीन से 75 किलोमीटर नीचे था।
भौगोलिक स्थिति के कारण पाकिस्तान दुनिया के सबसे संवेदनशील भूकंपीय क्षेत्रों में से एक माना जाता है। यहाँ भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेट्स आपस में टकराती हैं।
बलूचिस्तान, खैबर पख्तूनख्वा और गिलगित-बल्तिस्तान जैसे इलाके मुख्य फॉल्ट लाइनों के करीब होने की वजह से ज्यादा खतरे में रहते हैं। इसके अलावा पंजाब और सिंध के इलाके भी भूकंप के प्रति संवेदनशील बने हुए हैं।