पाकिस्तान सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में किया इजाफा अब आम जनता को देना होगा ज्यादा पैसा
पाकिस्तान सरकार ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में बदलाव के कारण पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं। जानें अब क्या है नई कीमतें।

इस्लामाबाद: पाकिस्तान में पेट्रोल और डीजल की कीमतें एक बार फिर बढ़ गई हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की दरों में आए बदलाव के कारण सरकार ने घरेलू पेट्रोलियम उत्पादों के दाम बढ़ाने का फैसला किया है।
नई दरों के मुताबिक पेट्रोल की कीमत में 1.54 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है, जिससे अब यह 379.25 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं हाई स्पीड डीजल (HSD) के दाम 2.16 रुपये प्रति लीटर बढ़कर 395.82 रुपये प्रति लीटर पहुंच गए हैं। ये नई कीमतें 27 अक्टूबर 2026 से लागू होंगी।
ऊर्जा मंत्रालय के पेट्रोलियम विभाग ने यह नोटिफिकेशन ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (OGRA) द्वारा एक्स-डिपो कीमतों में संशोधन के बाद जारी किया है। इससे पहले 24 से 26 अक्टूबर के बीच पेट्रोल की कीमतें स्थिर थीं, जबकि डीजल के दाम 1.91 रुपये प्रति लीटर बढ़े थे।
पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने बताया कि सरकार ने ईंधन की कीमतों के लिए अब दैनिक समीक्षा तंत्र (डेली रिव्यू मैकेनिज्म) अपनाया है। इसका मकसद अंतरराष्ट्रीय बाजार के उतार-चढ़ाव के साथ तालमेल बिठाना है। अब दैनिक दरों की गणना अंतरराष्ट्रीय बाजार की सात दिनों की औसत कीमत, प्लैट्स दरों, प्रीमियम और अन्य आकस्मिक लागतों के आधार पर की जाएगी।
फिलहाल सरकार पेट्रोल पर 114 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 100 रुपये प्रति लीटर ड्यूटी वसूल रही है। अधिकारियों के मुताबिक वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव और मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष की वजह से अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में अस्थिरता बनी हुई है, जिसके कारण कीमतों में लगातार बदलाव करने की जरूरत पड़ रही है।