पाकिस्तान के हनगु में चेकपोस्ट पर हमला, एक पुलिसकर्मी की मौत और तीन का अपहरण
खैबर पख्तूनख्वा के हनगु जिले में हथियारबंद हमलावरों ने पुलिस चेकपोस्ट को निशाना बनाया, जिसमें एक अधिकारी की मौत हुई और तीन का अपहरण हुआ।

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के हनगु जिले में हथियारबंद हमलावरों ने एक सुरक्षा चेकपोस्ट पर धावा बोल दिया। इस हमले में एक कानून प्रवर्तन अधिकारी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य पुलिसकर्मियों का अपहरण कर लिया गया।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावरों ने शाह अलमास पीर पहाड़ी स्थित चेकपोस्ट को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग की। जिला पुलिस अधिकारी सलाहुद्दीन कुंडी ने इस हमले की पुष्टि की है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर वहां से फरार हो चुके थे।
अपहृत किए गए तीनों पुलिसकर्मियों को पुलिस, जिला प्रशासन और कबीलाई बुजुर्गों की मदद से सुरक्षित बरामद कर लिया गया है।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान जैसे अशांत प्रांतों में सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाने वाली हिंसक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। यह हमला क्षेत्र में फैल रही कानूनविहीनता और सुरक्षा व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है।
इससे पहले 28 सितंबर को खैबर पख्तूनख्वा के टैंक जिले के वजीराबाद बाजार इलाके में एक मोबाइल वैन पर हमला हुआ था। जिला पुलिस अधिकारी अब्दुल समद खान ने बताया कि इस हमले में ट्रैफिक पुलिस के तीन जवान मौके पर ही मारे गए थे। हमलावर पुलिस की गाड़ी लेकर फरार हो गए थे, जिसे बाद में बरामद कर लिया गया। इस घटना में दो राहगीर भी घायल हुए थे।
इसी प्रांत में 26 सितंबर को एक अन्य बड़ी घटना घटी थी, जहां डेरा इस्माइल खान की दरजींदा तहसील में अमन मेला पुलिस चेकपोस्ट पर बम हमला हुआ था। जिला पुलिस अधिकारी जियाउद्दीन अहमद ने इसे आत्मघाती हमला बताया। इस धमाके में नौ पुरुषों, दो महिलाओं और एक बच्चे समेत कुल 12 लोगों की जान गई और 35 अन्य घायल हुए। विस्फोट इतना जोरदार था कि चेकपोस्ट का बड़ा हिस्सा और पास की एक रिहायशी इमारत पूरी तरह तबाह हो गई थी।