चीन के अंतरिक्ष स्टेशन जाएंगे पाकिस्तानी यात्री, शेनझोउ-24 मिशन का एलान
चीन के शेनझोउ-24 मिशन में पहली बार कोई विदेशी अंतरिक्ष यात्री शामिल होगा। पाकिस्तान के ज़ीशान अली या खुर्रम दाऊद में से एक जाएंगे अंतरिक्ष।

बीजिंग: चीन के शेनझोउ-24 क्रूड फ्लाइट मिशन में पहली बार कोई विदेशी नागरिक शामिल होने जा रहा है। चाइना मैन्ड स्पेस एजेंसी ने शनिवार, 7 नवंबर 2026 को घोषणा की कि एक पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री पेलोड स्पेशलिस्ट के रूप में इस मिशन का हिस्सा बनेंगे।
यह मिशन ऐतिहासिक है क्योंकि पहली बार कोई विदेशी नागरिक चीन के तियांगोंग स्पेस स्टेशन पर कदम रखेगा। यह चीन के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम के इतिहास में पहला संयुक्त अंतरिक्ष उड़ान मिशन होगा।
फरवरी 2025 में हस्ताक्षरित एक द्विपक्षीय अंतरिक्ष कूटनीति समझौते के तहत इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। तीन चरणों की कड़ी मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद पाकिस्तान के दो पायलटों, ज़ीशान अली और खुर्रम दाऊद का चयन किया गया था।
इन दोनों पायलटों ने बीजिंग स्थित चाइना एस्ट्रोनॉट रिसर्च एंड ट्रेनिंग सेंटर में व्यापक प्रशिक्षण लिया है। चुने गए दो उम्मीदवारों में से एक को प्राथमिक उड़ान के लिए चुना गया है, जबकि दूसरा बैकअप उम्मीदवार के तौर पर रहेगा।
मिशन की योजना के अनुसार, यह एक अल्पकालिक इन-ऑर्बिट उड़ान होगी। अपने निर्धारित उद्देश्यों को पूरा करने के बाद, पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री शेनझोउ-23 अंतरिक्ष यान के जरिए पृथ्वी पर वापस लौटेंगे।
शेनझोउ-24 मिशन के आधिकारिक प्रतीक चिन्ह (इन्सिग्निया) का भी अनावरण कर दिया गया है। इसमें पृथ्वी की पृष्ठभूमि के साथ अंतरिक्ष यान और स्टेशन के मिलन को दिखाया गया है, साथ ही एक ड्रैगन पैटर्न वाला जेड आर्क भी शामिल है, जो आधुनिक तकनीक और पारंपरिक संस्कृति के मेल को दर्शाता है।