चोट की वजह से पाकिस्तान टेस्ट सीरीज से बाहर हुए पथुम निसांका, लहिरु उदारा को मिला मौका
चोट के कारण श्रीलंका के बल्लेबाज पथुम निसांका पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं, उनकी जगह लहिरु उदारा को टीम में शामिल किया गया है।

नई दिल्ली: श्रीलंका की टीम को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। स्टार बल्लेबाज पथुम निसांका चोट से उबर नहीं पाए हैं, जिसकी वजह से वह इस सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे।
आईसीसी की वेबसाइट के मुताबिक, दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए निसांका की जगह लहिरु उदारा को टीम में शामिल किया गया है। यह सीरीज 9 नवंबर से रावलपिंडी में शुरू होने वाली है।
निसांका को पहले फिटनेस की शर्त पर टेस्ट टीम में रखा गया था, लेकिन वह समय पर पूरी तरह फिट नहीं हो सके। इसी चोट के कारण वह पाकिस्तान में हुए टी20 सीरीज और इंग्लैंड व मेजबान टीम के बीच हुई वनडे ट्राई-सीरीज से भी बाहर रहे थे।
लहिरु उदारा, जो हाल ही में श्रीलंका के वनडे स्क्वाड का हिस्सा थे, अब टेस्ट टीम से जुड़ेंगे। यह विकेटकीपर-बल्लेबाज पहले भी टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। उन्होंने 2026 की शुरुआत में वेस्टइंडीज के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप सीरीज के दौरान अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 188 रन बनाए थे।
कुसल मेंडिस की कप्तानी में श्रीलंका की टीम 9 नवंबर को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में पहला टेस्ट खेलेगी। इसके बाद दूसरा टेस्ट मैच 17 नवंबर से लाहौर में खेला जाएगा।
श्रीलंका की टेस्ट टीम में कुसल मेंडिस (कप्तान), अंजला बंदारा, दिनेश चंदमल, धनंजया डी सिल्वा, सोनल दिनुशा, असिथा फर्नांडो, प्रभात जयसूर्या, लहिरु कुमार, दिलशान मदुशंका, ईशान मलिंगा, कामिंदु मेंडिस, केशरा नुवांत, मिलन रथनायका, पासिंदु सूरियाबंडारा और लहिरु उदारा शामिल हैं।