पुतिन ने की पीएम मोदी की तारीफ, यूक्रेन संकट पर कही बड़ी बात

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनकी कूटनीतिक सोच की खुले तौर पर सराहना की है। मॉस्को के पास इस्त्रा शहर में आयोजित वल्दाई डिस्कशन क्लब की 23वीं वार्षिक बैठक के दौरान पुतिन ने कहा कि यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान को लेकर प्रधानमंत्री मोदी के पास बेहद रचनात्मक और अच्छे विचार हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत के प्रधानमंत्री हमेशा इस बात पर बल देते हैं कि इस संकट का कोई ऐसा हल निकलना चाहिए जो दोनों पक्षों को स्वीकार्य हो।
रूसी राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में यह भी रेखांकित किया कि भारत और रूस के बीच गहरे और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं, इसके बावजूद प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की आवश्यकता को प्राथमिकता दी है। पुतिन के अनुसार, नई दिल्ली इस पूरे मामले में एक निष्पक्ष और तटस्थ रुख अपनाए हुए है, लेकिन उनकी मंशा इस संकट को जल्द से जल्द खत्म करने की है। पुतिन ने इस बात के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार भी जताया कि वे शांति स्थापना के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं और उनके पास संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में ठोस विचार हैं।
इस बैठक के दौरान पुतिन ने केवल यूक्रेन मुद्दे पर ही बात नहीं की, बल्कि वैश्विक व्यवस्था में तेजी से हो रहे बदलावों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज की दुनिया राजनीति, अर्थव्यवस्था, तकनीक, ऊर्जा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी एआई जैसे क्षेत्रों में एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है। इन बदलावों से जहां एक तरफ नए अवसर सामने आ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कई गंभीर जोखिम भी पैदा हो रहे हैं।
पुतिन ने संयुक्त राष्ट्र सहित तमाम अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में बड़े सुधारों की वकालत की। उन्होंने कहा कि वैश्विक संस्थानों को आज की बदलती वास्तविकताओं के अनुरूप ढलना होगा, जिसमें एशिया, अफ्रीका, लैटिन अमेरिका और मध्य पूर्व की भूमिका बेहद अहम हो चुकी है। भविष्य की बहुध्रुवीय दुनिया में इन क्षेत्रों का प्रभाव और अधिक बढ़ेगा। अंत में उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर दीर्घकालिक स्थिरता बनाए रखने के लिए सभी देशों को एक-दूसरे की सुरक्षा चिंताओं और हितों का सम्मान करना होगा।