यूएई से भगोड़ा अपराधी रागेश उन्नीकोचन भारत प्रत्यर्पित, सीबीआई ने की बड़ी कार्रवाई
सीबीआई ने यूएई से हत्या के आरोपी रागेश उन्नीकोचन को भारत लाने में सफलता पाई है। इंटरपोल रेड नोटिस के जरिए उसे गिरफ्तार किया गया।

नई दिल्ली: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और केरल पुलिस के साथ मिलकर यूएई से रेड नोटिस वाले भगोड़े रागेश उन्नीकोचन को भारत लाने में सफलता हासिल की है। उन्नीकोचन को 18 नवंबर, 2026 को यूएई से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया।
एजेंसी के मुताबिक, रागेश उन्नीकोचन केरल पुलिस द्वारा दर्ज एक हत्या के मामले में वांछित था। वह कानूनी कार्यवाही से बचने के लिए जांच के दौरान फरार चल रहा था। उसके खिलाफ संबंधित अदालत में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है और अदालत ने उसके खिलाफ ओपन-डेटेड गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया था।
केरल पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई ने इंटरपोल के माध्यम से उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी करवाया था। यूएई अधिकारियों ने उसे जियो-लोकेट कर गिरफ्तार किया, जिसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे भारत भेजने की अनुमति दी गई।
केरल पुलिस की एक एस्कॉर्ट टीम यूएई पहुंची, जहां उन्नीकोचन को उन्हें सौंपा गया। यह टीम आरोपी के साथ 18 नवंबर, 2026 को तिरुवनंतपुरम, केरल पहुंची।
सीबीआई भारत में इंटरपोल के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो के रूप में काम करती है और अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग के लिए 'भारतपोल' के जरिए देश की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय करती है। साल 2019 से अब तक इंटरपोल के माध्यम से 281 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत लाया गया है, जिनमें से 73 भगोड़े अकेले 2026 में लाए गए हैं।
इससे पहले, सीबीआई ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और प्रवर्तन निदेशालय (ED) के समन्वय से 17 नवंबर, 2026 को रोमानिया से यूक्रेनी नागरिक ओलेक्सांद्र जापिचेंको का प्रत्यर्पण कराया था। जापिचेंको पर ईडी द्वारा मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत मामला दर्ज था। उस पर आरोप है कि उसने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर निवेशकों को प्रति सप्ताह 6% से 11% तक भारी रिटर्न का झूठा वादा कर धोखाधड़ी की थी।